श्रीलंका में ईस्टर हमले के बाद 41 संदिग्ध आतंकियों के बैंक खातों पर रोक
श्रीलंका में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन नेशनल तौहीद जमात (National Thowheed Jamath) के साथ संबंध रखने वाले 41 संदिग्ध आतंकवादियों के बैंक खातों पर रोक लगा दी गई है.
कोलंबो: श्रीलंका में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन नेशनल तौहीद जमात (National Thowheed Jamath) के साथ संबंध रखने वाले 41 संदिग्ध आतंकवादियों के बैंक खातों पर रोक लगा दी गई है. देश में ईस्टर के मौके पर हुए सिलसिलेवार हमलों में इसी संगठन का हाथ था. मीडिया में आई रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है.
पुलिस प्रवक्ता रुवन गुणशेखर ने बताया कि संदिग्ध फिलहाल आतंकवाद जांच विभाग (टीआईडी) और अपराध जांच विभाग (सीआईडी) की हिरासत में हैं. ईस्टर के मौके पर नौ आत्मघाती हमलावरों ने देश को हिलाकर रख दिया था. इन आतंकवादी हमलों में 258 लोग मारे गए थे और 500 से अधिक लोग घायल हो गए थे.
यह भी पढ़ें: ईस्टर ब्लास्ट: श्रीलंका की सरकार का बड़ा फैसला, 200 मौलवियों समेत 600 विदेशियों को देश निकाला
टाइम्स ऑनलाइन ने शुक्रवार को अपनी खबर में गुणशेखर के हवाले से बताया कि इन संदिग्धों के खातों में कुल 13 करोड़ 40 लाख रुपए हैं. यह राशि गिरफ्तारी के वक्त इनके पास से जब्त किए गए एक करोड़ 40 लाख रुपए से अलग है. शुरुआत में आईएसआईएस ने हमले की जिम्मेदारी ली थी लेकिन सरकार ने स्थानीय एनटीजे को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है.
(The above story first appeared on LatestLY on May 25, 2019 12:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

