Wankhede Statdium Pitch Stats: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कुछ ऐसा रहा वानखेड़े स्टेडियम का प्रदर्शन, यहां जानें पिच रिपोर्ट और अन्य रोचक आंकड़े
वानखेड़े स्टेडियम (Photo Credit: X Formerly Twitter)

ICC T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज कल यानी 7 फरवरी से होने वाला हैं. टूर्नामेंट का तीसरा मुकाबला भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम संयुक्त राज्य अमेरिका राष्ट्रीय क्रिकेट टीम (Indian National Cricket Team vs United States Of America National Cricket Team) के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मुंबई (Mumbai) के वानखेड़े स्टेडियम (Wankhede Stadium) में भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा. भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम उतरने के लिए तैयार है. टीम इंडिया टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में खेलने उतरेगी. इस टूर्नामेंट के इतिहास में अभी तक कोई भी टीम लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम नहीं कर पाई है. इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया की अगुवाई सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) कर रहें हैं. जबकि, यूएसए की कमान मोनंक पटेल (Monank Patel) के कंधों पर हैं. यह भी पढ़ें: India vs England Live Score Updates, ICC U19 World Cup 2026 Final: हरारे में टीम इंडिया बनाम इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा हैं फाइनल मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 इस बार भारत और श्रीलंका में खेला जा रहा है. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सेमीफाइनल सहित कुल आठ मुकाबले खेले जाएंगे. टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला इसी मैदान पर यूएसए के खिलाफ खेलेगी. ऐसे में ये स्टेडियम टूर्नामेंट के लिहाज से बेहद खास होने वाला है. चलिए इस स्टेडियम की पिच रिपोर्ट और रोचक आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं.

टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में ऐसे हैं मैदान के आंकड़े

इस मैदान पर पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला साल 2012 में खेला गया था. अब तक यहां नौ मुकाबले खेले गए हैं. पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने चार मैच जीते हैं, बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को पांच मैच में जीत मिली है. इस मैदान पर सबसे बड़ी पारी अभिषेक शर्मा (135 रन बनाम इंग्लैंड, 2025) ने खेली थी. सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन शिवम मावी (4/22 बनाम श्रीलंका, 2023) का रहा है. टॉस जीतने वाली टीम को यहां फायदा होता है.

वानखेड़े स्टेडियम के अन्य आंकड़े

वानखेड़े स्टेडियम में सबसे बड़ा स्कोर भारतीय टीम (247/9 बनाम इंग्लैंड) के नाम है. यहां सबसे छोटा स्कोर इंग्लैंड (97 रन बनाम भारत) ने बनाया है. पहले बल्लेबाजी करते हुए इस मैदान पर औसत स्कोर 197 रन का रहा है. इस मैदान पर विराट कोहली ने 3 मैच की 3 पारियों में सबसे ज्यादा 197 रन बनाए हैं. मोहम्मद शमी और काइल एबॉट ने यहां संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा 5-5 विकेट लिए हैं.

कैसी रहेगी पिच की स्थिति?

वानखेड़े स्टेडियम को बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है. यहां की पिच उन्हें काफी रास आती है. यहां की सीमा रेखा अन्य स्टेडियम के मुकाबले थोड़ी छोटी है. दूसरी ओर एक गेंदबाज के दृष्टिकोण से पिच स्पिनरों को कुछ हद तक सहायता प्रदान करती है, लेकिन ज्यादा उम्मीद रखना बेमानी होगी. तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवर में मदद मिलती है, ऐसे में वह जल्दी विकेट लेना चाहेंगे. इस विश्व कप यहां बड़े स्कोर वाले मुकाबले देखने को मिलेंगे.

इतने दर्शक ले सकते हैं मैच का आनंद

वानखेड़े स्टेडियम की स्थापना साल 1974 में हुई थी. यहां लगभग 32,000 दर्शक एक साथ बैठकर मैच का आनंद ले सकते हैं. वानखेड़े स्टेडियम के स्टैंड्स का नाम मुंबई के दिग्गज क्रिकेटरों के नाम पर रखा गया है, जिनमें विजय मर्चेंट, सुनील गावस्कर और सचिन तेंदुलकर जैसे महान खिलाड़ी शामिल हैं. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अभिषेक शर्मा के अलावा क्रिस गेल (100* रन बनाम इंग्लैंड, 2016) ने इस मैदान पर शतक लगाया है.