TATA Indian Premier League 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League 2026) का आगाज शनिवार यानी 28 मार्च से होने वाला है. गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) के मैच से सीजन की शुरुआत होगी. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अभी तक सिर्फ 20 मैचों का ही शेड्यूल जारी किया है, जिनमें एक से बढ़कर एक ब्लॉकबस्टर मैच शामिल है. पिछले साल हुए मिनी ऑक्शन के बाद कई टीमों ने अपने-अपने स्क्वाड में बड़े बदलाव किए हैं. एक का तो कप्तान भी बदल गया है. मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आगामी इंडियन प्रीमियर लीग सीजन के पहले मैच में 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद की मेजबानी करेगा. देश में आगामी विधानसभा चुनाव की वजह से 2026 इंडियन प्रीमियर लीग के केवल पहले 20 मैचों की घोषणा की गई है. आईपीएल के दूसरे चरण के मैचों की घोषणा बाद में की जाएगी. यह भी पढ़ें: IPL 2026: चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्यों हमेशा खली रहेंगी 11 सीटें? रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लिया बड़ा फैसला
इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के इतिहास में मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स दो सबसे सफल टीमें रही हैं. दोनों ही टीमों ने 5-5 बार खिताब अपने नाम किया है. आईपीएल 2026 में जहां मुंबई इंडियंस की कमान हार्दिक पांड्या संभालेंगे, वहीं चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी रुतुराज गायकवाड़ के हाथों में होगी. ऐसे में दोनों टीमों के बीच मुकाबला हमेशा की तरह हाई-वोल्टेज रहने की उम्मीद है.
मुंबई इंडियंस बनाम चेन्नई सुपर किंग्स हेड टू हेड रिकॉर्ड
आईपीएल के इतिहास में अब तक मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच कुल 39 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान मुंबई इंडियंस की टीम का पड़ला भारी रहा हैं. इन मुकाबलों में मुंबई इंडियंस ने 21 मैच जीते हैं, जबकि चेन्नई सुपरकिंग्स को 18 मैचों में जीत मिली है. यानी आंकड़ों के लिहाज से मुंबई इंडियंस का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है. आईपीएल 2025 में दोनों टीमों के बीच 2 मैच खेले गए थे, जिसमें दोनों ने 1-1 मुकाबला जीता था. इन मुकाबलों में सर्वोच्च स्कोर मुंबई इंडियंस (219 रन) के नाम दर्ज है.
मुंबई इंडियंस के इन खिलाड़ियों ने किया है दमदार प्रदर्शन
चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस की ओर से रोहित शर्मा का बल्ला खूब चला है. उन्होंने 36 मैचों में 31.35 की औसत और 130.99 की स्ट्राइक रेट से 972 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 105 रन रहा है, जिसमें 1 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं. वहीं सूर्यकुमार यादव ने 17 पारियों में 29.13 की औसत से 437 रन बनाए हैं. गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने 7.57 की इकॉनमी रेट से 14 विकेट हासिल किए हैं.
चेन्नई सुपरकिंग्स के इन खिलाड़ियों का रहा है शानदार रिकॉर्ड
मुंबई इंडियंस के खिलाफ चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से महेंद्र सिंह धोनी ने 38 पारियों में 130.62 की स्ट्राइक रेट से 772 रन बनाए हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 63 नाबाद रहा है. इसके अलावा संजू सैमसन ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 140.74 की स्ट्राइक रेट से 601 रन बनाए हैं, जिसमें 5 अर्धशतक शामिल हैं. गेंदबाजी में खलील अहमद ने 21.16 की औसत से 12 विकेट अपने नाम किए हैं.
आईपीएल 2025 में ऐसे रहे थे दोनों टीमों के मुकाबले
आईपीएल 2025 में दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया था, जहां चेन्नई सुपरकिंग्स ने 4 विकेट से जीत दर्ज की थी. इस मैच में नूर अहमद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए थे, जबकि रुतुराज गायकवाड़ ने अर्धशतक लगाया था. वहीं दूसरा मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया, जिसमें मुंबई इंडियंस ने 9 विकेट से जीत हासिल की थी. इस मैच में रोहित शर्मा ने 76 रन और सूर्यकुमार यादव ने 68 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी.













QuickLY