FACT CHECK: क्या यूपी, बिहार, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की ई-वोटर लिस्ट वेबसाइट से हटा दी गई है? ECI ने वायरल दावे को बताया भ्रामक
Photo- @ECISVEEP/X

ECI Voter List Fact Check: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक दावा तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कहा जा रहा है कि चुनाव आयोग (ECI) ने यूपी, बिहार, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों की ई-वोटर लिस्ट (मतदाता सूची) अपनी वेबसाइट से हटा दी है. इस दावे को लेकर राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया, खासकर तब जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वोटरलिस्ट में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं. हालांकि, जब इस दावे की हकीकत सामने आई तो सच्चाई कुछ और ही निकली. जांच के दौरान पाया गया कि सभी राज्यों के ई-वोटर रोल्स सामान्य रूप से उपलब्ध हैं और डाउनलोड हो रहे हैं.

ये भी पढें: FACT CHECK: क्या भारतीय डाक सच में पंजीकृत डाक को बंद कर रहा है? जानिए इस भ्रामक दावे की असली सच्चाई

फर्जी निकला ECI पर ई-वोटर लिस्ट हटाने का दावा

ECI ने वायरल दावे को बताया झूठा

इतना ही नहीं, चुनाव आयोग ने भी खुद आगे आकर इस दावे को पूरी तरह गलत बताया. आयोग के ऑफिशियल एक्स (पहले ट्विटर) हैंडल @ECISVEEP पर एक पोस्ट में बताया गया कि वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/download-eroll  से सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की ई-वोटर लिस्ट डाउनलोड की जा सकती है.

इस पोस्ट में वायरल हो रहे दावे को फर्जी करार देते हुए लोगों से अपील की गई कि गलत जानकारी से बचें और केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें.

वायरल मैसेज पर भरोसा करना सही नहीं

नतीजा साफ है कि सोशल मीडिया पर चल रहा दावा पूरी तरह गलत और भ्रामक है. चुनाव आयोग की वेबसाइट पर सभी राज्यों की मतदाता सूचियां उपलब्ध हैं और इन्हें आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है.

ऐसे में वायरल किए जा रहे स्क्रीनशॉट्स या मैसेज पर भरोसा करना सही नहीं होगा.