देश

दो सहेलियों ने एक-दूसरे संग रचाई शादी, सेक्स चेंज के लिए करवाई सर्जरी

हरियाणा के चरखी दादरी में दो सहेलियों ने साथ रहने के लिए शादी कर ली. शादी के लिए एक युवती अपना लिंग परिवर्तन कराकर युवक बन गयी. परिजनों के विरोध जताने के बाद मामला थाने पहुंचा.

दो सहेलियों ने एक-दूसरे संग रचाई शादी, सेक्स चेंज के लिए करवाई सर्जरी
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit-Instagram)

भिवानी: हरियाणा (Haryana) के चरखी दादरी में दो सहेलियों ने साथ रहने के लिए शादी कर ली. शादी के लिए एक युवती अपना लिंग परिवर्तन कराकर युवक बन गयी. परिजनों के विरोध जताने के बाद मामला थाने पहुंचा. सिटी थाना प्रभारी दलबीर सिंह (Dalbir Singh) ने बताया कि लिंग परिवर्तन के बाद युवक बनी युवती ने एसपी स्मिति चौधरी (Smiti Chaudhary) को शिकायत देकर ससुरालियों पर पत्नी को नहीं मिलने देने का आरोप लगाया है. शिकायत में उसने कहा है कि युवती के परिजन शादी के खिलाफ है.

सिंह के अनुसार इसके बाद एसपी ने मामले की जांच उन्हें सौंपी जिस पर गुरुवार को उन्होंने दोनों पक्षों को बुलाकर सुलह का प्रयास किया. सिंह ने बताया कि युवक (लिंग परिवर्तन करवाने वाली सहेली) और युवती दोनों शहर की अलग-अलग कालोनियों के रहने वाले हैं. 11वीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी थी. बाद में दोनों ने साथ रहने का फैसला किया, लेकिन इसमें समलैंगिकता आड़े आ रही थी.

इसलिए दोनों में से एक ने लिंग परिवर्तन करवाने का फैसला किया. उन्होंने बताया कि इसके लिए उसने अपने परिजनों को भी मना लिया. करीब एक साल पहले उसने लिंग परिवर्तन के लिए सर्जरी करवाई. वर्तमान में युवक की उम्र 21 वर्ष और लड़की की 19 वर्ष है. सिंह के अनुसार एसपी को दी शिकायत में लड़के ने कहा है कि 29 अक्तूबर को उसने अपनी प्रेमिका से दिल्ली (Delhi) के आर्य समाज मंदिर में शादी रचाई और फिर दोनों दादरी आ गए.

इसके बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए. शिकायत में उसने कहा है कि उसकी पत्नी इसके बाद उससे मिलने घर आती रही, लेकिन 19 दिसंबर के बाद से उसका पता नहीं है. उसने आरोप लगाया है कि पत्नी के परिजन उससे मिलने नहीं दे रहे हैं. सिंह के अनुसार गुरुवार को परिजनों के साथ सिटी थाने पहुंचे युवक ने बताया कि उसने करीब एक साल पहले लिंग परिवर्तन के लिए सर्जरी कराई थी.

यह भी पढ़ें: दिल्लीः एक ऐसा डॉक्टर जो समलैंगिक लोगों का करंट से करता था इलाज, कोर्ट ने किया तलब

सर्जरी पर करीब 10 लाख रुपये खर्च आया था. युवक की मां ने बताया कि कुछ रुपये तो उनके पास थे लेकिन कुछ उन्हें कर्ज भी लेना पड़ा. यह कर्ज अब तक नहीं चुका पाए हैं, जबकि एक और सर्जरी होनी अभी बाकी है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 05, 2019 09:13 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).