देश

Mumbai Metro Update: मुंबई मेट्रो लाइन 7 में तकनीकी खराबी आने से ट्रेन गुंदवली स्टेशन पर रुकी, यात्री हुए परेशान (Watch Video)

मुंबई मेट्रो लाइन 7 पर गुंदवली स्टेशन के पास तकनीकी खराबी आने से ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई. सुबह के व्यस्त समय में हुए इस व्यवधान के कारण यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गए.

Mumbai Metro Update: मुंबई मेट्रो लाइन 7 में तकनीकी खराबी आने से ट्रेन गुंदवली स्टेशन पर रुकी, यात्री हुए परेशान (Watch Video)
(Photo Credits @Sunny29223375)

 Mumbai Metro Line-7 Update:  लोकल ट्रेन के बाद अब दूसरी मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली मेट्रो सेवा गुरुवार, 19 फरवरी 2026 को तकनीकी खराबी की शिकार हो गई. अंधेरी-दहिसर मार्ग पर चलने वाली मेट्रो लाइन 7 (रेड लाइन) की एक ट्रेन गुंदवली स्टेशन के पास अचानक रुक गई. सुबह लगभग 11 बजे हुए इस वाकये के कारण ऑफिस जाने वाले यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा.

स्टेशन पर मची अफरा-तफरी

तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन लगभग 15 मिनट तक एक ही स्थान पर खड़ी रही. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर वायरल हुए वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन के अचानक रुकने से यात्री घबरा गए और उन्हें मजबूरी में ट्रेन से नीचे उतरना पड़ा. अचानक सेवाएं बाधित होने से गुंदवली स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई.

फिलहाल, महा मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (MMMOCL) की ओर से इस खराबी के सटीक कारणों के बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. यह भी पढ़े: Maha Mumbai Metro WhatsApp Ticketing: मुंबई मेट्रो यात्रियों के लिए खुशखबरी! अब व्हॉट्सएप पर ‘Hi’ भेजकर ले सकेंगे टिकट, कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं; जानें नंबर और पूरा प्रोसेस

मुंबई मेट्रो में आई तकनीक खराबी

यात्रियों ने जताई नाराजगी

कामकाजी दिन और व्यस्त समय (Peak Hours) होने के कारण यात्रियों में काफी रोष देखा गया. यात्रियों ने सोशल मीडिया पर शिकायत की कि ऐसी तकनीकी गड़बड़ियों के दौरान प्रशासन की ओर से सूचनाओं का अभाव रहता है. कई यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा.

पिछले व्यवधानों का इतिहास

मुंबई मेट्रो में तकनीकी खराबी का यह कोई पहला मामला नहीं है. पिछले कुछ महीनों में इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं:

  • नवंबर 2025: वर्सोवा-घाटकोपर मेट्रो कॉरिडोर (मेट्रो वन) में तकनीकी खराबी के कारण सेवाएं घंटों प्रभावित रही थीं.

  • अक्टूबर 2025: मेट्रो लाइन 2A और लाइन 7 दोनों पर तकनीकी खराबी आई थी, जिसके कारण दहानुकरवाड़ी और अन्य स्टेशनों पर यात्रियों को 20 से 30 मिनट तक इंतजार करना पड़ा था.

बार-बार होने वाली इन तकनीकी समस्याओं ने मेट्रो के बुनियादी ढांचे और रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं. यात्रियों की मांग है कि पीक ऑवर के दौरान सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं.

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 19, 2026 03:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).