देश

Jharkhand: रजत जयंती उत्सव का आगाज, ‘रन फॉर झारखंड’ में दौड़े लाखों लोग, CM हेमंत बोले- तरक्की के लिए एकजुट हों

झारखंड की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे राज्य में मंगलवार से रजत जयंती उत्सव की शुरुआत हो गई. राजधानी रांची सहित सभी जिला मुख्यालयों में ‘रन फॉर झारखंड’ के आयोजन के साथ 15 दिवसीय कार्यक्रमों की औपचारिक शुरुआत हुई.

Jharkhand: रजत जयंती उत्सव का आगाज, ‘रन फॉर झारखंड’ में दौड़े लाखों लोग, CM हेमंत बोले- तरक्की के लिए एकजुट हों
(Photo Credits FB)

रांची, 11 नवंबर : झारखंड की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे राज्य में मंगलवार से रजत जयंती उत्सव की शुरुआत हो गई. राजधानी रांची सहित सभी जिला मुख्यालयों में ‘रन फॉर झारखंड’ के आयोजन के साथ 15 दिवसीय कार्यक्रमों की औपचारिक शुरुआत हुई. रांची के मोरहाबादी मैदान से शुरू हुई इस दौड़ को राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हरी झंडी दिखाई. दौड़ में हजारों की तादाद में युवा शामिल हुए. शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सैनिक मार्केट पर इसका समापन होगा.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मौके पर कहा कि “वीर पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान से हमें यह झारखंड राज्य मिला है. धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर झारखंड अपने निर्माण के 25 वर्ष पूरे कर रहा है. यह हर झारखंडवासी के लिए गर्व का क्षण है.” मुख्यमंत्री ने लोगों से राज्य को समृद्धि और विकास के मार्ग पर आगे ले जाने का संकल्प लेने की अपील की. ‘रन फॉर झारखंड’ में मुख्यमंत्री के साथ पर्यटन एवं नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार, रांची के विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीपी सिंह, विधायक कल्पना सोरेन सहित हजारों नागरिक, विद्यार्थी, खिलाड़ी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए. यह भी पढ़े : Delhi Red Fort Blast: लाल किला ब्लास्ट पर बोले एनडीए के नेता, जांच में पाए गए दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

बताया गया कि हजारीबाग, दुमका, देवघर, बोकारो, गिरिडीह, पलामू, धनबाद सहित अन्य जिला मुख्यालयों में भी आयोजित हुई दौड़ में करीब पांच लाख से लोगों की भागीदारी रही. राज्य सरकार ने झारखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती को लेकर 15 दिनों की गतिविधियों का विस्तृत कार्यक्रम तय किया है. 12 नवंबर को सभी जिलों में पारंपरिक नृत्य के सामूहिक आयोजन होंगे. 13 नवंबर को “नो योर टूरिस्ट प्लेसेज” साइकिल रैली और 14 नवंबर को राज्यभर में थीम आधारित वाल पेंटिंग की जाएगी. मुख्य समारोह 15 नवंबर को रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित होगा, जिसमें राज्य की उपलब्धियों की झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे.

रजत जयंती वर्ष के उत्सव 29 नवंबर तक जारी रहेंगे, जिनमें खेलकूद, सांस्कृतिक और जनजागरण से जुड़े अनेक कार्यक्रम शामिल होंगे. झारखंड की नई पहचान और भविष्य की दिशा तय करने वाले इस उत्सव को लेकर पूरे राज्य में उत्साह का माहौल है.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 11, 2025 12:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).