पीएम मोदी और उनकी मां के एआई वीडियो पर बवाल, महाराष्ट्र में कांग्रेस के खिलाफ सड़कों पर उतरी बीजेपी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां से मिलता-जुलता एक एआई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है. यह वीडियो बिहार कांग्रेस के आधिकारिक पेज पर पोस्ट किया गया था. इसके बाद बीजेपी ने कांग्रेस के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है.
महाराष्ट्र, 13 सितंबर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) और उनकी मां से मिलता-जुलता एक एआई वीडियो सोशल मीडिया (AI Video Social Media) पर वायरल होने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है. यह वीडियो बिहार कांग्रेस के आधिकारिक पेज पर पोस्ट किया गया था. इसके बाद बीजेपी ने कांग्रेस के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है.
कल्याण के काटेमानवली इलाके में बीजेपी महिला मोर्चा की ओर से शनिवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया. इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने हाथों में विरोध के पोस्टर लेकर 'माताजी का ये अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान, शर्म करो-शर्म करो, कांग्रेस पार्टी शर्म करो, महिला के सम्मान में बीजेपी मैदान में' जैसे नारे लगाए. बीजेपी नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस ने दोबारा ऐसा कृत्य किया तो इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. कांग्रेस का यह कृत्य बेहद निंदनीय है. मातृशक्ति का अपमान हिंदुस्तान कभी भी बर्दाश्त नहीं करेगा. कांग्रेस को तुरंत देश से माफी मांगनी चाहिए. यह भी पढ़ें : भारत में लॉजिस्टिक्स और इंडस्ट्रियल लीजिंग वर्ष के अंत तक 60 एमएसएफ को पार कर सकती है: रिपोर्ट
वहीं छत्रपति संभाजीनगर में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. यह आंदोलन शहर के क्रांति चौक परिसर में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं. प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर वीडियो बनाया और उनका अपमान किया है. महिलाओं ने कहा कि यह न केवल प्रधानमंत्री की मां का बल्कि पूरे देश की माताओं का अपमान है, जिसे भाजपा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी.
महिला मोर्चा की नेताओं ने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा अपनी मां को प्रेरणा का स्रोत मानते आए हैं. उन्होंने देशवासियों से अपील की थी कि हर व्यक्ति अपनी मां की याद में कम से कम एक पेड़ जरूर लगाए और इस तरह पर्यावरण संरक्षण के लिए एक विशेष अभियान की शुरुआत की थी. भाजपा नेताओं का कहना है कि विपक्षी नेताओं ने प्रधानमंत्री की मां को अपमानित करने का प्रयास किया है.
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने मांग की कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव दोनों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी देश के प्रधानमंत्री और उनकी मां का इस तरह अपमान करने की हिम्मत न कर सके. भाजपा महिला मोर्चा ने चेतावनी दी कि अगर इस मुद्दे पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे और बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाएंगी.
वहीं, पुणे में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया. यह आंदोलन शनिवार सुबह 10:30 बजे अलका चौक में संपन्न हुआ. महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने इस घटना की निंदा की और इस तरह की अपमानजनक सामग्री को समाज से दूर करने की आवश्यकता बताई. साथ ही मुंबई में भी महाराष्ट्र बीजेपी की महिला अध्यक्ष चित्रा वाघ के नेतृत्व में कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 13, 2025 04:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

