देश

VIDEO: महाराष्ट्र में बारिश का कहर! हिंगोली में बादल फटने से आई बाढ़, महादेव मंदिर में घुसा पानी

महाराष्ट्र के कई जिलों में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है, लेकिन इस बार बारिश राहत के साथ-साथ चिंता भी लेकर आई है. सोमवार देर रात हिंगोली जिले के सेनगांव तहसील के बानबरड़ा इलाके में बादल फटने की घटना सामने आई, जिससे तेज बाढ़ आ गई

VIDEO: महाराष्ट्र में बारिश का कहर! हिंगोली में बादल फटने से आई बाढ़, महादेव मंदिर में घुसा पानी
Photo- IANS

Hingoli Cloud Burst News: महाराष्ट्र के कई जिलों में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है, लेकिन इस बार बारिश राहत के साथ-साथ चिंता भी लेकर आई है. सोमवार देर रात हिंगोली जिले के सेनगांव तहसील के बानबरड़ा इलाके में बादल फटने की घटना सामने आई, जिससे तेज बाढ़ आ गई. पास के महादेव मंदिर में पानी घुस गया, जहां तीन लोग फंस गए. गनीमत रही कि वे समय रहते मंदिर की छत पर चढ़कर बच गए. राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची है, जबकि ग्रामीणों का कहना है कि अब पानी धीरे-धीरे उतरने लगा है.

ये भी पढें: Aaj Ka Mausam, 22 Juy 2025: उत्तर से लेकर दक्षिण तक बारिश का कहर जारी, जानें कैसा रहेगा आपके शहर में आज का मौसम

 हिंगोली में फटा बादल

बारिश की वापसी से किसानों में संकट

पिछले कुछ दिनों से थमी हुई बारिश ने अब फिर से दस्तक दी है. कई किसान बोआई कर चुके थे, लेकिन समय पर बारिश नहीं होने से दुबारा बुआई की चिंता सताने लगी थी. अब बारिश की वापसी से 'बालीराजा' (किसान) को थोड़ी राहत मिली है.

परभणी जिले में भी पांच दिनों के सूखे के बाद आज सुबह से अच्छी बारिश हो रही है. आधी रात को आधे घंटे की तेज बारिश के बाद सुबह से रिमझिम बारिश जारी है, जिससे खेतों की सूखी फसलें फिर से जान पकड़ने लगी हैं. हालांकि, जल संरक्षण परियोजनाओं में पानी भरने की जरूरत अब भी बनी हुई है.

दक्षिण कोकण में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी

मौसम विभाग ने मंगलवार से शुक्रवार तक रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. वहीं मुंबई और ठाणे में बुधवार और गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. ठाणे में गुरुवार के लिए ऑरेंज अलर्ट है जबकि पालघर में बुधवार और गुरुवार को तेज बारिश हो सकती है.

इसके अलावा कोल्हापुर, सतारा और पुणे के घाट क्षेत्रों में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है.

बुलढाणा के लोनार में गांवों में घुसा पानी

लोनार तहसील (बुलढाणा) के पांगरा डोले गांव में भारी बारिश के बाद फिर से खेतों का पानी गांव में घुस गया. कुछ घरों में पानी भर गया, जिससे घरेलू सामान को नुकसान हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल यही समस्या होती है, लेकिन प्रशासन अब तक कोई स्थायी हल नहीं निकाल पाया है. लोगों ने गांव के बाहर ड्रेनेज लाइन बनाने की मांग की है ताकि खेतों का पानी नदी में जा सके.

बीड में उफान पर सरस्वती नदी

बीड जिले के माजलगांव इलाके में आधी रात को हुई भारी बारिश के बाद कोठला गांव से बहने वाली सरस्वती नदी उफान पर है. इसका असर इतना हुआ कि कोठला और सिरसाला गांवों के बीच संपर्क टूट गया है. हालांकि, इलाके में अच्छी बारिश से खरीफ फसलें मजबूत हो रही हैं और किसान खुश हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 22, 2025 10:08 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).