Uttarakhand: चंपावत से उपचुनाव लड़ेंगे CM पुष्कर सिंह धामी, विधायक कैलाश गहतोड़ी देंगे इस्तीफा
कार्यवाहक सीएम पुष्कर सिंह धामी (Photo Credit: Facebook)

18 अप्रैल: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) चंपावत विधानसभा क्षेत्र (Champawat) से उपचुनाव लड़ेंगे. सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने भी इस पर मुहर लगा दी है. विधायक कैलाश गहतोड़ी ने सबसे पहले सीएम धामी के लिए अपनी सीट छोड़ने का ऐलान किया था. सीएम के चंपावत से उपचुनाव लड़ने की खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. लोग सीएम के लिए सीट छोड़ने पर विधायक गहतोड़ी का आभार भी जता रहे हैं. हालांकि अभी इस बात की घोषणा न तो सीएम ने की है और न ही विधायक ने इस बात पर मुहर लगाई है. हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, श्रमिकों के कल्याण के लिए 714 करोड़ रुपये वितरित

चंपावत विधानसभा क्षेत्र मुख्यमंत्री धामी की परंपरागत सीट खटीमा से लगी हुई है. साथ ही विधानसभा के मैदानी क्षेत्र बनबसा व टनकपुर क्षेत्र में पिथौरागढ़ जनपद के रहने वाले मतदाताओं की संख्या काफी अधिक है. सीएम धामी भी मूल रूप से पिथौरागढ़ जनपद के ही रहने वाले हैं.

सूत्रों के मुताबिक, विधायक गहतोड़ी एक-दो दिन में सीएम धामी के लिए विधायकी से अपना इस्तीफा दे देंगे. गहतोड़ी पिछले कुछ दिनों से विधानसभा क्षेत्र के भ्रमण पर हैं. जनसभाओं में वे सीएम धामी के चंपावत से उपचुनाव लड़ने की चर्चा कर उन्हें विजयी बनाने की अपील भी कर रहे हैं.

विधायक गहतोड़ी पिछले कुछ दिनों से अपने विधान सभा क्षेत्र का दौरा कर रहे थे. उन्होंने जिला मुख्यालय समेत कई गांवों में जाकर विधान सभा चुनाव में उन्हें और पार्टी को जीत दिलाने के लिए आभार जताया. इसके बाद वो रविवार शाम बनबसा स्थित अपने आवास पहुंचे. बनबसा में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद वो देहरादून के लिए रवाना हो गए. बता दें कि इस बीच सोशल मीडिया पर भी ये खबर बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा शुभकामनाएं देते हुए शेयर की जा रही है.