देश

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए यूपी के 104 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैध, बरेली से बसपा उम्मीदवार समेत 78 लोगों के पर्चे निरस्‍त

आम चुनाव के तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 10 लोकसभा क्षेत्रों में होने वाले चुनाव के लिए जांच में शनिवार को 104 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वैध पाए गए जबकि 78 नामांकन पत्र निरस्त कर दिये गये.

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए यूपी के 104 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैध, बरेली से बसपा उम्मीदवार समेत 78 लोगों के पर्चे निरस्‍त
Credit-FB

Lok Sabha Election 2024: आम चुनाव के तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 10 लोकसभा क्षेत्रों में होने वाले चुनाव के लिए जांच में शनिवार को 104 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वैध पाए गए जबकि 78 नामांकन पत्र निरस्त कर दिये गये. निर्वाचन आयोग के एक वरिष्‍ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी. बरेली में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उम्मीदवार छोटेलाल गंगवार का नामांकन पत्र अधूरा होने की वजह से निरस्त कर दिया गया.

लोकसभा चुनाव के लिए अब छह अन्य चरण (26 अप्रैल, 7 मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून) शेष हैं. मतगणना चार जून को होगी. पहले चरण के तहत शुक्रवार को मतदान हुआ था.

ये भी पढ़ें: Lok Sabha Election 2024: अशोक गहलोत की बहू ने अपने पति के खिलाफ चुनाव लड़ रहे बीजेपी उम्मीदवार के छुए पैर, मांगा जीत का आशीर्वाद

प्रदेश में तीसरे चरण के लोकसभा चुनाव के लिए 10 सीटों संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली में नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 12 अप्रैल से शुरू हुई और शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच की गयी. नामांकन पत्रों को वापस लेने की अंतिम तारीख 22 अप्रैल है। इन क्षेत्रों में सात मई को मतदान होगा.

तीसरे चरण में केंद्रीय मंत्री एवं आगरा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार एसपी बघेल और मैनपुरी से समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार एवं पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव समेत कई महत्‍वपूर्ण उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिनवा ने बताया कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 के तृतीय चरण में प्रदेश की 10 सीट के लिए कुल 182 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया.

उन्होंने कहा कि तृतीय चरण के लिए भरे गये नामांकन पत्रों की आज 20 अप्रैल को हुई जांच में 104 प्रत्याशियों के नामांकन वैध पाए गए तथा 78 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र निरस्त कर दिये गये.

सीईओ ने बताया कि संभल सीट से कुल 21 प्रत्याशियों ने नामांकन किया, जिनमें से आठ प्रत्याशियों के नामांकन पत्र निरस्त हुए तथा 13 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैध पाए गये. उनके मुताबिक, हाथरस (आरक्षित) सीट से कुल 18 प्रत्याशियों ने नामांकन किया, जिसमें से आठ के पर्चे निरस्त हुए तथा 10 के नामांकन पत्र वैध पाए गये.

रिनवा ने बताया कि आगरा (आरक्षित) क्षेत्र से सभी 11 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैध पाए गए जबकि फतेहपुर सीकरी निर्वाचन क्षेत्र से 19 प्रत्याशियों में से नौ के नामांकन पत्र निरस्त हुए तथा 10 के नामांकन पत्र वैध पाए गये. उन्होंने बताया कि फिरोजाबाद से कुल 22 उम्मीदवारों में से 15 प्रत्याशियों के पर्चे निरस्त किए गए तथा सात उम्मीदवारों के नामांकन पत्र वैध पाए गये.

सीईओ ने बताया कि मैनपुरी सीट से कुल 12 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था जिनमें से चार प्रत्याशियों के पर्चे निरस्त हुए तथा आठ के नामांकन पत्र वैध पाए गये. उन्होंने बताया कि एटा सीट के लिए दाखिल किए गए कुल 14 नामांकन पत्रों में से चार को निरस्त कर दिया गया तथा 10 प्रत्याशियों के पर्चे वैध पाये गये. रिनवा ने बताया कि बदायूं सीट के लिए दाखिल 16 नामांकन में से चार को निरस्त किया गया है तथा 12 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैध पाए गये. उन्होंने बताया कि आंवला सीट से दाखिल 21 नामांकन पत्रों में से 12 निरस्त हुए तथा नौ पर्चे वैध पाए गये.

एक अधिकारी ने बताया कि बरेली जिले की आंवला सीट पर सत्‍यवीर नामक व्यक्ति ने बसपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया था, लेकिन अधिकृत उम्मीदवार न होने से उनका नामांकन पत्र निरस्त कर दिया गया. उन्होंने बताया कि बरेली सीट से कुल 28 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया था जिनमें से 14 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र निरस्त हुए तथा 14 के पर्चे वैध पाये गये.

बरेली लोकसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी रविंद्र कुमार बताया कि बरेली लोकसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी छोटे लाल गंगवार का नामांकन पत्र जांच में रद्द कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि गंगवार का नामांकन पत्र अधूरा था और इसकी सूचना भी दी गयी थी , लेकिन उन्होंने सूचना का संज्ञान नहीं लिया.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 20, 2024 10:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).