Maharashtra: शिवसेना विधायक ने वोट अमान्य करार देने वाले चुनाव आयोग के फैसले को दी चुनौती, 15 जून को होगी सुनवाई
निर्वाचन आयोग (Photo Credits: PTI)

शिवसेना विधायक सुहास कांडे (Suhas Kande) ने चुनाव आयोग के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसके बाद 10 जून को राज्यसभा चुनाव में उनके वोट को अमान्य करार दिया गया था. उनकी याचिका 15 जून को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध हुई है. शिवसेना ने भी चुनाव आयोग पर शिवसेना के एक वोट को अमान्य कर बीजेपी का पक्ष लेने का भी आरोप लगाया. दरअसल एमवीए ने बीजेपी के सुधीर मुनगंटीवार और निर्दलीय रवि राणा के दो वोटों पर आपत्ति जताई थी, लेकिन आयोग ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की थी.

बता दें कि हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में महाराष्ट्र के सत्ताधारी गठबंधन को बड़ा झटका लगा था. बीजेपी के तीन उम्मीदवारों ने राज्यसभा सीटों पर जीत हासिल की, केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, बीजेपी किसान मोर्चा के महासचिव अनिल बोंडे और पार्टी के राज्य प्रवक्ता और कोल्हापुर से पूर्व सांसद धनंजय महादिक ने शिवसेना के संजय पवार को कोल्हापुर से हराया. एमवीए ने राज्यसभा की तीन सीटें हासिल कीं - शिवसेना के मुख्य प्रवक्ता संजय राउत, एनसीपी के पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल और कांग्रेस के इमरान प्रतापगढ़ी. लेकिन संजय पवार की जीत सुनिश्चित करने की शिवसेना की उम्मीदों पर पानी फिर गया.