लोकसभा चुनाव 2019: बिहार की हाजीपुर सीट पर पशुपति कुमार पारस को टक्कर दे रहे हैं शिवचंद्र राम
हाजीपुर लोकसभा सीट पर पांचवे चरण में छह मई को मतदान होगा.
लोकसभा चुनाव 2019 (Lok Sabha Elections 2019) के मद्देनजर बिहार (Bihar) में पांचवे चरण का मतदान छह मई को होगा. इस दौरान हाजीपुर (Hajipur), मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारन और सीतामढ़ी लोकसभा क्षेत्रों में मतदान होगा. हाजीपुर सीट पर मुख्य मुकाबला नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस (NDA) और महागठबंधन के बीच है. महागठबंधन की तरफ से हाजीपुर सीट पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के शिवचंद्र राम (Shiv Chandra Ram) चुनाव लड़ेंगे तो वहीं, एनडीए की तरफ से बिहार के पशु संसाधन मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस (Pashupati Kumar Paras) चुनावी मैदान में होंगे. इन दोनों के अलावा कई निर्दलीय भी हाजीपुर सीट पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.
साल 2014 के लोकसभा चुनाव में हाजीपुर सीट से लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान ने जीत हासिल की थी. उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार संजीव प्रसाद टोनी को दो लाख से अधिक वोटों से हराया था. इस बार रामविलास पासवान चुनावी मैदान में नहीं है. हाजीपुर सीट से पशुपति कुमार पारस के नामांकन पत्र दाखिल करने के समय केंद्रीय मंत्री और उनके बड़े भाई रामविलास पासवान ने कहा था कि वह नौ बार इस संसदीय क्षेत्र सांसद रहे हैं. इस बार जिम्मेदारी बड़ी है क्योंकि स्वयं चुनाव नहीं लड़ रहा हूं बल्कि लड़वा रहा हूं. मुझे उम्मीद है कि पशुपति बेहतर अंतर से जीतेंगे. हाजीपुर लोकसभा सीट से विपक्षी महागठबंधन के उम्मीदवार और आरजेडी प्रत्याशी शिवचंद्र राम भी अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं. यह भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव 2019: बिहार की बेगूसराय सीट पर कन्हैया कुमार और गिरिराज सिंह की चुनावी जंग को तनवीर हसन ने बनाया दिलचस्प
गौरतलब है कि सात चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव 11 अप्रैल से शुरू हो गए हैं. देशभर की 91 लोकसभा सीटों पर 11 अप्रैल को पहले चरण का मतदान हुआ. दूसरे चरण का मतदान 18 अप्रैल को हुआ, तीसरे चरण का चुनाव 23 अप्रैल को हुआ, चौथे चरण का मतदान 29 अप्रैल को हो रहा है, पांचवे चरण का छह मई, छठे चरण का 12 मई और सातवें व अंतिम चरण का मतदान 19 मई को होगा. मतगणना 23 मई को होगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2019 04:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

