देश

पिछले सरकार के दौरान हुए फोन टैपिंग मामले पर बोले सीएम येदियुरप्पा, CBI को सौंपा जाएगा यह केस

फोन टैपिंग के आरोप सामने आने के बाद कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं द्वारा जांच की मांग उठाए जाने के बाद रविवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने कहा कि वे इस केस की जांच सीबीआई को सौंपेंगे.

पिछले सरकार के दौरान हुए फोन टैपिंग मामले पर बोले सीएम येदियुरप्पा, CBI को सौंपा जाएगा यह केस
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा (Photo Credits: ANI)

बेंगलुरू: कर्नाटक (Karnataka) में जेडी-एस (जनता दल- सेक्युलर) के नेतृत्व वाली पूर्व गठबंधन सरकार के दौरान हुए फोन टैपिंग केस (Phone Tapping Case) की जांच का जिम्मा अब सीबीआई (CBI) को सौंपा जाएगा. फोन टैपिंग के आरोप सामने आने के बाद कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं द्वारा जांच की मांग उठाई गई, जिसके बाद रविवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री (karnataka Chief Minister) बी एस येदियुरप्पा (BS Yediyurappa) ने कहा कि वे इस केस की जांच सीबीआई को सौंपेंगे. फोन टैपिंग मामले पर येदियुरप्पा का कहना है कि कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्दरमैया समेत कई नेताओं ने यह मांग की है कि इस केस की जांच होनी चाहिए और सच्चाई बाहर आनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की मांग पर मैंने इस केस की जांच का जिम्मा सीबीआई को देने का फैसला किया है और कल (सोमवार) को मैं इसकी जांच का आदेश दूंगा. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों की अपेक्षा है कि इस मामले की सही तरीके से जांच हो और दोषियों को सजा दी जाए.

फोन टैपिंग केस की जांच करेगी सीबीआई- 

बता दें कि अयोग्य करार दिए गए जेडी-एस विधायक ए. एच. विश्वनाथ ने पिछले हफ्ते ही एच. डी. कुमारस्वामी की सरकार पर फोन टैप करने और उनके समेत 300 से अधिक नेताओं की जासूसी कराए जाने का आरोप लगाया था. इन आरोपों के बाद ही सीएम येदियुरप्पा ने यह सीबीआई से जांच कराने का ऐलान किया है.

गौरतलब है कि सिद्दरमैया, एम. मल्लिकार्जुन खड़गे और गठबंधन सरकार में गृह मंत्री रहे एम. बी. पाटील समेत कांग्रेस नेताओं ने जांच की मांग की है, जबकि पार्टी के एक अन्य अहम नेता और पूर्व मंत्री डी के शिवकुमार ने आरोपों को खारिज कर दिया है. उधर पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार समेत कई बीजेपी नेताओं ने कुमारस्वामी पर अपनी सरकार बचाने के लिए इस प्रकरण के पीछे होने का आरोप लगाया है. (भाषा इनपुट)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 18, 2019 12:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).