चिंतन शिविर के बीच कांग्रेस को बड़ा झटका, सुनील जाखड़ ने पार्टी को कहा गुड बाय
सुनील जाखड़ (Photo: ANI)

कांग्रेस के चिंतन शिविर के बीच पंजाब से असंतुष्ट कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ (Sunil Jakhar) ने शनिवार को पार्टी को अलविदा कह दिया. उन्होंने फेसबुक लाइव के जरिए इसकी घोषणा की. उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस की बुरी हालत है और यह खटिया पर है. इसी के साथ जाखड़ ने कांग्रेस को गुड बाय भी कह दिया. उन्‍होंने कांग्रेस की अध्‍यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी नेतृत्‍व पर निशाना साधा और अंबिका सोनी का नाम लेते हुए सोनिया गांधी से उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की.

जाखड़ ने कांग्रेस आलाकमान पर आरोप लगाया कि कैप्टन अमरिंदर सिंह को हटाए जाने के बाद सीएम की नियुक्ति के मुद्दे पर पंजाब के एक खास नेता की बात सुनी जा रही है. उन्होंने कई मुद्दों को लेकर कांग्रेस नेतृत्‍व को कटघरे में खड़ा किया और कहा कि कांग्रेस नेतृत्‍व आज चापलूसों से घिरा हुआ है.