VIDEO: 'मौलाना भूल गया कि UP में किसकी सत्ता है...' बरेली बवाल पर बोले CM योगी, 'ऐसा सबक सिखाएंगे कि आने वाली पीढ़ियां कांप जाएंगी'
बरेली में जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि दंगाइयों को ऐसा सबक सिखाया जाएगा कि पीढ़ियां याद रखेंगी. इस मामले में पुलिस ने मौलाना तौकीर रज़ा को हिरासत में ले लिया है और अब तक 39 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
बरेली, उत्तर प्रदेश: यूपी के बरेली में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हुए भारी बवाल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहुत सख्त बयान दिया है. उन्होंने साफ कहा है कि उनकी सरकार किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं करेगी और दंगाइयों को ऐसा सबक सिखाया जाएगा कि उनकी आने वाली पीढ़ियां भी दंगा करने से पहले कांपेंगी.
'मौलाना भूल गए कि सत्ता किसकी है'
सीएम योगी ने कहा, "कल बरेली में एक मौलाना यह भूल गए कि राज्य में सरकार किसकी है. उन्हें लगा कि वो जब चाहेंगे, व्यवस्था को रोक देंगे. लेकिन हमने साफ कर दिया कि न तो कोई नाकाबंदी होगी और न ही कोई कर्फ्यू लगेगा." उन्होंने आगे कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में यही सब चलता था, लेकिन हमारी सरकार आने के बाद हमने एक भी कर्फ्यू नहीं लगने दिया. यूपी के विकास की असली कहानी यहीं से शुरू होती है.
मुख्य बातें:
- बरेली में जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल पर सीएम योगी ने दी तीखी प्रतिक्रिया.
- कहा- पिछली सरकारें दंगाइयों को सम्मानित करती थीं, हमने कर्फ्यू तक नहीं लगने दिया.
- मौलाना तौकीर रज़ा पुलिस हिरासत में, हिंसा के मामले में अब तक 39 लोग गिरफ्तार.
पिछली सरकारों पर साधा निशाना
सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा, "पहले की सरकारों में दंगाइयों को मुख्यमंत्री आवास पर बुलाकर सम्मानित किया जाता था. उनकी आवभगत होती थी. पेशेवर अपराधी और माफिया के सामने सत्ता सिर झुकाती थी. आपने देखा होगा कि कैसे सत्ता का मुखिया एक माफिया के कुत्ते से हाथ मिलाकर खुद पर गर्व महसूस करता था."
"कल बरेली में एक मौलाना भूल गया कि राज्य में सत्ता किसकी है"
◆ बरेली हिंसा पर CM योगी ने कहा#UttarPradesh | #BareillyViolence | #CMYogi | Uttar Pradesh pic.twitter.com/izeigwas2R
— News24 (@news24tvchannel) September 27, 2025
मौलाना तौकीर रज़ा हिरासत में, 39 गिरफ्तार
बरेली में शुक्रवार को 'आई लव मोहम्मद' को लेकर हुए एक प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क गई थी. इस दौरान जमकर तोड़फोड़, पथराव और यहां तक कि पुलिस पर फायरिंग भी की गई. इस हिंसा के मुख्य आरोपी, इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) के प्रमुख मौलाना तौकीर रज़ा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
पुलिस ने पहले उन्हें घर में नजरबंद किया और फिर देर रात पूछताछ के लिए किसी अज्ञात जगह पर ले गई. पुलिस तौकीर रज़ा और उनके समर्थकों के मोबाइल फोन की जांच कर रही है ताकि हिंसा में उनकी भूमिका का पता चल सके. माना जा रहा है कि पुलिस आज उनकी औपचारिक गिरफ्तारी की घोषणा कर सकती है.
इस मामले में पुलिस ने अब तक 1700 अज्ञात लोगों और कुछ नामजद लोगों के खिलाफ 10 FIR दर्ज की हैं. कुल 39 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को दंगाइयों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 27, 2025 12:17 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

