लोकसभा चुनाव 2019: भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने पीएम मोदी पर ली चुटकी, कहा- "चौकीदार हो जाएं खबरदार, आ गया है असरदार"
भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर ने कहा कि मोदी अगर चाहें तो मुझसे बच सकते हैं और काशी से चुनाव न लड़ें." उन्होंने मोदी के चौकीदार वाले अभियान पर चुटकी लेते हुए कहा, "चौकीदार हो जाएं खबरदार, आ गया है असरदार."
लखनऊ: भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद रावण (Chandrashekhar Azad) ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में रोड शो कर अपने चुनावी अभियान की शुरुआत की और कहा कि मोदी को अगर उनसे बचना है तो वह काशी से चुनाव न लड़ें. चंद्रशेखर ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, "मैंने चुनौती दी थी कि मोदी जहां से चुनाव लड़ेंगे, मैं वहीं से लडूंगा. इसीलिए मैं काशी आया हूं. मोदी अगर चाहें तो मुझसे बच सकते हैं और काशी से चुनाव न लड़ें." उन्होंने मोदी के चौकीदार वाले अभियान पर चुटकी लेते हुए कहा, "चौकीदार हो जाएं खबरदार, आ गया है असरदार."
चंद्रशेखर ने कहा, "मैं सिर्फ भाजपा को हराने के लिए लड़ रहा हूं, देश के संविधान को बचाने के लिए चुनाव लड़ रहा हूं. मैं नेता नहीं हूं, समाज का बेटा हूं."उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठी सरकार गरीबों के हित में काम नहीं कर रही है. गरीबों को लूट रही है.अमीरों की जेब भर रही है। दो करोड़ युवाओं की नौकरियां छीन ली गई हैं. चंद्रशेखर ने कहा, "मैंने मायावती से संपर्क किया था. मैंने कहा था कि गठबंधन का प्रत्याशी यहां से उतारें तो हम तैयार हैं। लेकिन जब बात ही नहीं हुई तो अभी कुछ नहीं कह सकते." यह भी पढ़े: भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर रावण रिहा, बोले- 2019 में BJP को उखाड़ फेंकेंगे
प्रियंका गांधी के वाराणासी से चुनाव लड़ने के सवाल पर चंद्रशेखर ने कहा कि जो बालिग हैं वो लोकतंत्र में चुनाव लड़ सकते हैं. अखिलेश यादव, मुलायम सिंह, मायावती कोई भी लड़ें, अधिकार सबको है. भीम आर्मी प्रमुख ने इससे पहले डॉ. भीमराम अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। रोड शो के दौरान यूपी कॉलेज के छात्र नेताओं ने नदेसर इलाके में चंद्रशेखर को काले झंडे दिखाए. इस मामले में पुलिस ने कई छात्र नेताओं को गिरफ्तार कर लिया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 30, 2019 08:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

