देश

पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु समेत 5 राज्यों के चुनावी नतीजों का कल 'महामुकाबला', DD न्यूज सहित प्रमुख चैनलों के साथ results.eci.gov.in पर जानें रुझानों से जुड़े पल-पल के अपडेट

पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे कल यानी 4 मई को घोषित किए जाएंगे. सुबह 8 बजे से मतों की गिनती शुरू होगी, जिससे तय होगा कि इन राज्यों में किसकी सरकार बनेगी.

पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु समेत 5 राज्यों के चुनावी नतीजों का कल 'महामुकाबला', DD न्यूज सहित प्रमुख चैनलों के साथ results.eci.gov.in पर जानें रुझानों से जुड़े पल-पल के अपडेट
(Photo Credits WC)

Assembly Election Result 2026: भारत के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के लिए 4 मई 2026 का दिन निर्णायक माना जा रहा है. मतदान की लंबी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी की निगाहें कल आने वाले नतीजों पर टिकी हैं. चुनाव आयोग के अनुसार, सोमवार सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी और दोपहर तक परिणामों की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है. इन पांच राज्यों के चुनाव परिणामों को एक बड़े ‘महामुकाबले’ के रूप में देखा जा रहा है, जिस पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं.

कहां देखें चुनाव परिणाम?

चुनाव के सटीक और आधिकारिक नतीजे चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट results.eci.gov.in पर देखे जा सकते हैं. इसके अलावा, सभी DD न्यूज सहित प्रमुख न्यूज़ चैनलों और ऑनलाइन पोर्टल पर सुबह से ही लाइव अपडेट्स उपलब्ध रहेंगे. कल शाम तक यह स्पष्ट हो जाएगा कि अगले पांच वर्षों के लिए इन राज्यों की कमान किसके हाथों में होगी. यह भी पढ़े:  West Bengal Exit Poll 2026: बंगाल में ‘दीदी’ की होगी वापसी या BJP खिलाएगी कमल? Today’s Chanakya के एग्जिट पोल में जानें कौन बनाएगा सरकार

किन राज्यों पर रहेगी सबकी नजर?

इस चुनाव में मुख्य मुकाबला पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जैसे बड़े राज्यों में है.

  • पश्चिम बंगाल और असम: पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है. वहीं, असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा अपनी सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में है.

  • तमिलनाडु और पुडुचेरी: तमिलनाडु में सत्ताधारी DMK गठबंधन और AIADMK के बीच सीधा मुकाबला है, लेकिन अभिनेता विजय की पार्टी (TVK) ने समीकरणों को दिलचस्प बना दिया है. पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भी NDA और यूपीए (कांग्रेस-DMK) गठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है.

  • केरल: यहाँ पारंपरिक प्रतिद्वंद्वी UDF और LDF के बीच सत्ता की अदला-बदली की परंपरा पर सबकी नजर रहेगी.

 

मतगणना की तैयारी और सुरक्षा

भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने मतगणना के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की जाएगी, जिसके आधे घंटे बाद ईवीएम (EVM) के वोटों की गिनती शुरू होगी. पश्चिम बंगाल के फालता निर्वाचन क्षेत्र को छोड़कर, जहां दोबारा मतदान (Repoll) के कारण परिणाम 24 मई को आएंगे, अन्य सभी सीटों के नतीजे कल शाम तक घोषित कर दिए जाएंगे.

एग्जिट पोल के अनुमान

विभिन्न एग्जिट पोल ने इस बार बेहद दिलचस्प परिणाम आने की संभावना जताई है. कई पोल असम में भाजपा की आसान जीत और तमिलनाडु में DMK की वापसी का संकेत दे रहे हैं, जबकि पश्चिम बंगाल और केरल में कड़े मुकाबले की भविष्यवाणी की गई है. हालांकि, राजनीतिक दल एग्जिट पोल के दावों को दरकिनार कर अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं

(The above story first appeared on LatestLY on May 03, 2026 11:44 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).