Mumbai-Pune Expressway Traffic Update: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर गैस से भरा टैंकर पलटा, 12 घंटे से ज्यादा समय से ट्रैफिक जाम, रात से फंसे हजारों लोग; VIDEO
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर आडोशी बोगदे के पास एक गैस टैंकर पलटने से पिछले 12 घंटों से भीषण ट्रैफिक जाम लगा हुआ है. प्रोपलीन गैस के रिसाव और सुरक्षा कारणों से मुंबई जाने वाली लेन को पूरी तरह बंद कर दिया गया है, जिससे यात्री बीच रास्ते में फंसे हुए हैं.
Mumbai-Pune Expressway Traffic Update: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम से शुरू हुआ ट्रैफिक का संकट बुधवार सुबह तक और गहरा गया है. आडोशी बोगदे (Adoshi Tunnel) के पास एक गैस टैंकर के पलटने और उससे होने वाले गैस रिसाव के कारण एक्सप्रेसवे पर 25 किलोमीटर से भी लंबा जाम लग गया है. सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने मुंबई की ओर जाने वाली यातायात को पूरी तरह रोक दिया है, जिसके चलते यात्री पूरी रात सड़क पर ही फंसे रहे.
कैसे हुआ हादसा?
यह दुर्घटना मंगलवार शाम करीब 5:00 बजे रायगढ़ जिले के खालापुर इलाके में हुई. जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार गैस टैंकर पुणे से मुंबई की ओर जा रहा था. खंडाला घाट के ढलान पर चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे टैंकर बोगदे के प्रवेश द्वार के पास ही पलट गया. इस घटना में टैंकर चालक के घायल होने की खबर है, लेकिन किसी अन्य जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है. यह भी पढ़े: Mumbai-Pune Expressway New Link Road: मुंबई-पुणे यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, अप्रैल 2026 से शुरू होगा नया लिंक रोड, सफर होगा 25 मिनट कम
आडोशी बोगदे के पास गैस टैंकर पलटा
Mumbai Pune express Highway.
I was stuck on this for 8 plus hours.They have finally starred clearing traffic and opened a single lane from around 12.30 to 1am
Crew and police working Hard to ensure this leak is taken Care of pic.twitter.com/6blIwAt6af
— Vighnesh Rane (@Vighrane01) February 3, 2026
प्रोपलीन गैस का रिसाव और सुरक्षा का खतरा
टैंकर में 'प्रोपलीन' (Propylene) गैस भरी थी, जो कि अत्यंत ज्वलनशील और विस्फोटक मानी जाती है. दुर्घटना के तुरंत बाद टैंकर से गैस रिसाव शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई. आग लगने के किसी भी बड़े खतरे को टालने के लिए हाईवे पुलिस और दमकल विभाग ने तुरंत मुंबई जाने वाली लेन को ब्लॉक कर दिया.
'पार्किंग लॉट' में तब्दील हुआ एक्सप्रेसवे
देर रात तक एक्सप्रेसवे किसी पार्किंग स्थल जैसा नजर आने लगा. मुंबई जाने वाली बसें, निजी कारें और भारी ट्रक लोनावला और खंडाला के पीछे तक कतारों में खड़े रहे. कई यात्रियों, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, ने सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि वे बिना भोजन और पानी के 8 से 12 घंटों से फंसे हुए हैं. महाराष्ट्र राज्य परिवहन (MSRTC) की शिवनेरी और अन्य बसें भी इस जाम में घंटों से अटकी हुई हैं.
बचाव कार्य और ताजा स्थिति
मौके पर एनडीआरएफ (NDRF), ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें तैनात हैं. गैस के ज्वलनशील स्वभाव के कारण टैंकर को हटाने का काम बहुत धीमी और सुरक्षित प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है. केमिकल विशेषज्ञों की एक टीम भी रिसाव को पूरी तरह बंद करने में जुटी है.
पुलिस की सलाह
पुलिस ने सलाह दी है कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक यात्री इस मार्ग का उपयोग करने से बचें. हल्के वाहनों को पुराने मुंबई-पुणे राजमार्ग (Old Highway) की ओर डायवर्ट किया गया है, हालांकि वहां भी वाहनों का अत्यधिक दबाव देखा जा रहा है.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 04, 2026 09:44 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

