देश

मथुरा में खौफनाक वारदात: लहंगा पहन कर घर में घुसा प्रेमी, शादीशुदा प्रेमिका को लगाई आग, खुद भी झुलसा

मथुरा में एक सनसनीखेज वारदात में उमेश नामक युवक ने महिला का भेष धरकर अपनी शादीशुदा प्रेमिका रेखा के घर में घुसकर उसे पेट्रोल डालकर जला दिया. जब रेखा ने चीख-पुकार मचाई, तो आरोपी छत से कूदकर भागने की कोशिश में गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मथुरा में खौफनाक वारदात: लहंगा पहन कर घर में घुसा प्रेमी, शादीशुदा प्रेमिका को लगाई आग, खुद भी झुलसा
Representational Image | PTI

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. मंगलवार दोपहर एक युवक ने महिला का भेष बनाकर अपनी शादीशुदा प्रेमिका को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया. महिला के चीखने-चिल्लाने पर आसपास के लोग दौड़े, तो आरोपी छत से कूदकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों को गंभीर हालत में आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.

कैसे हुआ हमला?

फरह थाना प्रभारी संजय कुमार पांडे के अनुसार, पीड़िता रेखा (30) कोह गांव की रहने वाली है. मंगलवार को दोपहर में वह घर पर अकेली थी. उसके बच्चे (7 और 5 साल) स्कूल गए थे और पति संजू, जो खेतिहर मजदूर हैं, काम पर थे.

इसी बीच हरियाणा के हसनपुर गांव का रहने वाला उमेश (28), जो रेखा की जेठानी का भाई है, महिला के घर पहुंचा. वह किसी को शक न हो इसलिए लेहंगा पहनकर महिला के भेष में आया था. उसके एक दोस्त ने उसे मोटरसाइकिल से गांव के पास छोड़ा.

उमेश छत के रास्ते घर में घुसा और सीधे रेखा के कमरे में पहुंचा. उसने रेखा को अपने साथ भागने के लिए कहा, लेकिन जब उसने इनकार कर दिया, तो गुस्से में उमेश ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी.

चीख-पुकार सुनकर दौड़े लोग, आरोपी भी घायल 

रेखा की चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. उमेश ने भागने की कोशिश में छत से छलांग लगा दी, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को फरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया.

पहले भी साथ भाग चुकी थी महिला 

पुलिस जांच में सामने आया कि रेखा और उमेश के बीच लंबे समय से संबंध थे. 31 अगस्त 2023 को रेखा उमेश के साथ घर छोड़कर चली गई थी. परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, जिसके बाद पुलिस ने 10 फरवरी को हिमाचल प्रदेश के किन्नौर से रेखा को बरामद किया और घर वापस भेज दिया.

इसके बाद रेखा ने उमेश से दूरी बना ली थी, लेकिन उमेश उसे छोड़ने के लिए तैयार नहीं था. जब रेखा ने फिर उसके साथ जाने से इनकार कर दिया, तो उसने उसे मारने की कोशिश की.

पुलिस जांच जारी, अभी तक नहीं हुई शिकायत 

फरह थाना प्रभारी संजय कुमार पांडे ने कहा, "फिलहाल हमारी प्राथमिकता उनकी जान बचाना है. जैसे ही कोई शिकायत मिलेगी, आरोपी पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी."

पुलिस इस सनसनीखेज वारदात की गहराई से जांच कर रही है. यह घटना फिर से साबित करती है कि एकतरफा प्यार में अंधे लोग किस हद तक जा सकते हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 12, 2025 01:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).