देश

Lucknow Shocker: लखनऊ में डबल मर्डर, कमरे में मिली मां की लाश, बाहर नांद में मिला नेत्रहीन बेटे का शव; वारदात की जांच में जुटी पुलिस

लखनऊ के मोहनलालगंज में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. बदमाशों ने एक महिला और उसके 18 वर्षीय नेत्रहीन बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस जमीन विवाद और अन्य पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.

Lucknow Shocker: लखनऊ में डबल मर्डर, कमरे में मिली मां की लाश, बाहर नांद में मिला नेत्रहीन बेटे का शव; वारदात की जांच में जुटी पुलिस
(Photo Credits File)

Lucknow Shocker: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में सोमवार देर रात बदमाशों ने एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. सिसेंडी कस्बे में एक 45 वर्षीय महिला और उसके 18 साल के नेत्रहीन बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी गई. इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस को महिला का अर्धनग्न शव कमरे में रजाई में लिपटा हुआ मिला, जबकि बेटे का शव घर के बाहर बने पानी के हौद (नांद) में डूबा हुआ पाया गया.

वारदात का खौफनाक मंजर

मृतकों की पहचान रेशमा (45) और उनके नेत्रहीन बेटे शादाब (18) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, वारदात के समय घर के पास ही पंचायत सचिवालय में होली के फाग का गायन चल रहा था और ढोलक-मंजीरों की आवाज के बीच मां-बेटे की चीखें किसी को सुनाई नहीं दीं. बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के बाद घर के मुख्य गेट पर बाहर से कुंडा लगा दिया और मौके से फरार हो गए.  यह भी पढ़े:  Saharanpur Shocker: यूपी के सहारनपुर में खौफनाक वारदात, शादीशुदा प्रेमिका ने पूर्व प्रेमी संग मिलकर नए प्रेमी को शराब पिलाकर दी मौत की सजा

आखिरी कॉल और 'दरवाजे की लात'

परिजनों के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 7:30 बजे शादाब की अपने मामा से फोन पर बात हुई थी. शादाब ने बातचीत के दौरान बताया था कि उसकी मां मसाला लेने दुकान पर गई हैं. इसी दौरान उसने यह भी कहा कि "कोई दरवाजे पर लात मार रहा है." थोड़ी देर बाद शादाब ने इसे शायद कोई कुत्ता समझकर बात खत्म कर दी थी. लेकिन इसके कुछ ही देर बाद उनका मोबाइल बंद हो गया, जिससे अनहोनी की आशंका गहरा गई.

जमीन विवाद और रेप की आशंका

पुलिस इस मामले में कई पहलुओं पर तफ्तीश कर रही है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि रेशमा का एक स्थानीय व्यापारी नेता के साथ करीब 50 लाख रुपये की कीमती जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था. पुलिस इस बिंदु को हत्याकांड की मुख्य वजह मानकर चल रही है. इसके अलावा, महिला का अर्धनग्न शव मिलने के कारण पुलिस रेप के बाद हत्या की आशंका की भी जांच कर रही है.

पुलिस की कार्रवाई और जांच

एडीसीपी (दक्षिणी) रल्लापल्ली बसंथ कुमार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रेशमा के दोनों पतियों की पहले ही मौत हो चुकी थी और वह अपने इकलौते नेत्रहीन बेटे के साथ घर में अकेली रहती थी. पुलिस ने मौके से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 10, 2026 12:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).