Lucknow Double Murder-Suicide: ₹1 करोड़ की एलिमनी की मांग बनी हत्या और आत्महत्या की वजह? जांच में सामने आया नया मोड़
दिव्या मिश्रा के परिवार ने मानस वाजपेयी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. दिव्या की बहन और मीडिया पर्सनैलिटी प्रज्ञा मिश्रा ने दावा किया कि मानस शादी के दौरान अक्सर दिव्या के साथ मारपीट करता था और छोटी-छोटी बातों पर घरेलू हिंसा करता था. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
Lucknow Double Murder-Suicide: लखनऊ के गोमती नगर में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर और सुसाइड मामले में जांच के दौरान एक नया मोड़ सामने आया है. पुलिस जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच चल रहे तलाक के केस में कथित तौर पर ₹1 करोड़ की एलिमनी (गुजारा भत्ता) की मांग को लेकर विवाद चल रहा था. जांच एजेंसियां इसे वारदात की संभावित वजहों में से एक मानकर जांच कर रही हैं. Lucknow Double Murder-Suicide: प्रज्ञा मिश्रा बोलीं- मां को नहीं बता पाई कि दिव्या अब इस दुनिया में नहीं रही, पोस्ट शेयर कर बयां किया दर्द
तलाक के दस्तावेजों में मिले अहम सुराग
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में कार्यरत मानस वाजपेयी और उनकी अलग रह रही पत्नी दिव्या मिश्रा के तलाक से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं. दस्तावेजों के अनुसार, दिव्या मिश्रा ने पिछले साल तलाक की अर्जी दाखिल की थी और दोनों पिछले एक साल से अलग रह रहे थे.
जांच में यह भी सामने आया कि वारदात से दो दिन पहले फैमिली कोर्ट में दोनों की सुनवाई हुई थी. इसी दौरान कथित तौर पर एलिमनी को लेकर विवाद और बढ़ गया था. पुलिस अब इस पहलू की भी गहराई से जांच कर रही है.
ICICI बैंक के बाहर मारी गोली
यह घटना गुरुवार को गोमती नगर स्थित ICICI बैंक शाखा के बाहर हुई, जहां दिव्या मिश्रा कार्यरत थीं. पुलिस के अनुसार, मानस वाजपेयी ने दिव्या को बैंक के बाहर बुलाया और कुछ देर बातचीत करने के बाद उन पर गोली चला दी. गंभीर रूप से घायल दिव्या को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घर लौटकर बहन की भी हत्या, फिर खुद को मारी गोली
पत्नी को गोली मारने के बाद मानस वाजपेयी अपने घर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी 28 वर्षीय बहन शिवा की भी गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद उन्होंने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली.
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि बहन शिवा की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद होता था. बताया जा रहा है कि शिवा लंबे समय तक दोनों के साथ रहती थीं, जिसे लेकर अक्सर पारिवारिक तनाव बना रहता था.
व्हाट्सएप स्टेटस पर लिखा कबूलनामा
आत्महत्या से पहले मानस वाजपेयी ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर एक संदेश पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने हमले की जिम्मेदारी ली. साथ ही पत्नी पर बेवफाई के आरोप लगाए और कुछ परिजनों का भी जिक्र किया. पुलिस इस संदेश की भी जांच कर रही है.
दिव्या के परिवार ने लगाए घरेलू हिंसा के आरोप
दूसरी ओर, दिव्या मिश्रा के परिवार ने मानस वाजपेयी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. दिव्या की बहन और मीडिया पर्सनैलिटी प्रज्ञा मिश्रा ने दावा किया कि मानस शादी के दौरान अक्सर दिव्या के साथ मारपीट करता था और छोटी-छोटी बातों पर घरेलू हिंसा करता था. फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. जांच एजेंसियां वित्तीय रिकॉर्ड, फैमिली कोर्ट से जुड़े दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों के स्रोत की भी पड़ताल कर रही हैं. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 22, 2026 01:41 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

