देश

लद्दाख में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले- दुनिया की कोई ताकत हमारी एक इंच जमीन नहीं छीन सकती

रक्षा मंत्री ने कहा, सीमा विवाद को सुलझाने के लिए बातचीत जारी है. मैं आपको इतना जरूर आश्वस्त कर सकता हूं कि दुनिया की कोई भी ताकत हमारी एक इंच भी जमीन हमसे नहीं ले सकती है.

लद्दाख में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले- दुनिया की कोई ताकत हमारी एक इंच जमीन नहीं छीन सकती
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Photo Credit:ANI)

लद्दाख: वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर जारी तनाव के बाद चीन के पीछे हटते कदमों के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Defence Minister Rajnath Singh) लद्दाख पहुंचे हैं. रक्षा मंत्री ने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और आर्मी चीफ जनरल मनोज मुकुंद नरवणे के एलएसी पर सुरक्षा हालात का जायजा लिया. लद्दाख पहुंचे रक्षा मंत्री ने लुकुंग चौकी पर जाकर भारतीय सेना के जवानों एवं अधिकारियों से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने जवानों का हौंसला बढ़ाते हुए कहा कि अगर किसी ने हमारे स्वाभिमान पर चोट पहुंचाने की कोशिश की तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा.

रक्षा मंत्री ने कहा कि हाल ही में PP14 पर भारत और चीन के सैनिकों के बीच क्या हुआ, हमारे कुछ जवानों ने हमारी सीमा की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी. मैं आप सभी से मिलकर खुश हूं लेकिन उनके खोने के कारण दुखी भी हूं. मैं उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. उन्होंने कहा की जवानों की शहादत को देश हमेशा याद रखेगा. यह भी पढ़ें: लद्दाख में सैन्य तैयारियों का जायजा लेते दिखें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कल श्रीनगर के लिए भरेंगे उड़ान.

रक्षा मंत्री ने की जवानों से बात 

भारतीय जवानों को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि सीमा विवाद को सुलझाने के लिए बातचीत जारी है, लेकिन इसका कहां तक हल निकल सकता है इसकी मैं गारंटी नहीं दे सकता. लेकिन मैं आपको इतना जरूर आश्वस्त कर सकता हूं कि दुनिया की कोई भी ताकत हमारी एक इंच भी जमीन हमसे नहीं ले सकती है. उन्होंने कहा, बातचीत से विवाद को सुलझा लिया जाता है तो इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता है.

लेह में भारतीय सेना के जवानों ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में पैरा ड्रापिंग अभ्यास किया. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और आर्मी चीफ जनरल एमएम नरवणे लेह हवाई अड्डे पर पहुंचे.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 17, 2020 02:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).