Odisha: थाने के सामने आत्मदाह करने वाले व्यक्ति की मौत, राज्य मानवाधिकार आयोग ने रिपोर्ट मांगी
कटक जिले में एक व्यक्ति ने भूमि विवाद मामले में न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए एक दिन पहले ही एक थाने के सामने आत्मदाह की कोशिश की थी और शुक्रवार को उनकी मौत हो गई.
भुवनेश्वर, 24 जून: ओडिशा के कटक जिले में एक व्यक्ति ने भूमि विवाद मामले में न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए एक दिन पहले ही एक थाने के सामने आत्मदाह की कोशिश की थी और शुक्रवार को उनकी मौत हो गई. राज्य मानवाधिकार आयोग ने इस घटना पर पुलिस से रिपोर्ट देने को कहा है. तमिलनाडु: बलात्कारी को पकड़ने के लिए पीड़िता और बच्चे का होगा डीएनए टेस्ट
यह घटना बृहस्पतिवार को किशननगर थाने के सामने हुई जब गुणनिधि बिसोई ने खुद पर पेट्रोल उड़ेल कर आग लगा ली जिससे वह 90 प्रतिशत जल गए. उन्हें पहले एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल और फिर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी मौत हो गई.
सूत्रों ने बताया कि बिसोई जमीन विवाद और मारपीट के एक मामले में किशननगर पुलिस से न्याय नहीं मिलने से परेशान थे.
घटना का संज्ञान लेते हुए ओडिशा मानवाधिकार आयोग ने एक मामला दर्ज किया और राज्य के पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक को नोटिस जारी किया. आयोग ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को घटना की जांच कर 25 जुलाई को अगली सुनवाई तक रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है.
कटक (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक जुगल किशोर ने बताया कि बिसोई द्वारा दर्ज मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और थाने के प्रभारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की सिफारिश की गई है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 24, 2022 10:21 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

