पंचतत्व में विलीन हुए गोवा के सीएम मनोहर पर्रिकर, पीएम मोदी सहित हजारों लोगों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
गोवा के मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर (Manohar Parrikar) का सोमवार शाम को मीरामार तट पर पूरे राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया
पणजी: गोवा के मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर (Manohar Parrikar) का सोमवार शाम को मीरामार तट पर पूरे राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया. एक वर्ष से ज्यादा समय से पैंक्रियाटिक कैंसर से जूझ रहे पर्रिकर का रविवार को निधन हो गया था. पर्रिकर के पार्थिव शरीर को लोगों के अंतिम दर्शन के लिए कला एकेडमी आर्ट्स एंड कल्चर सेंटर में रखा गया था, जहां से हजारों समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता उनके अंतिम यात्रा में शामिल होकर मिरामार तट पहुंचे.
पर्रिकर का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा था और इसे चिता पर रखने के दौरान उन्हें 21 बंदूकों की सलामी दी गई. उनके बड़े बेटे उत्पल पर्रिकर ने उन्हें मुखाग्नि दी. पर्रिकर के परिवार में दो बेटे, दो बहू और एक पोता है. यह भी पढ़े: मनोहर पर्रिकर को श्रद्धांजलि देते हुए रो पड़ी स्मृति ईरानी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी, सुरेश प्रभु, रामदास अठावले ने पर्रिकर को पुष्पांजलि अर्पित की. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी पर्रिकर को श्रद्धांजलि अर्पित की.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 18, 2019 07:51 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

