देश

मुंबई: 14 घंटे बाद भी नहीं मिला खुले नाले में गिरा मासूम दिव्यांश सिंह, बचाव अभियान जारी

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बीएमसी (बृहन्मुंबई महानगरपालिका) की लापरवाही से एक मासूम बुधवार रात को गटर (नाला) में गिर गया. फिलहाल बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए बचाव अभियान चल रहा है. घटना के बाद से ही दमकल विभाग के कर्मचारी, पुलिस और बीएमसी की टीमें मौके पर मौजूद है. लेकिन बच्चे का अब तक कोई पता नहीं चल सका है.

मुंबई: 14 घंटे बाद भी नहीं मिला खुले नाले में गिरा मासूम दिव्यांश सिंह, बचाव अभियान जारी
खुले गटर में गिरा मासूम (Photo Credits: ANI)

मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई (Mumbai) में बीएमसी (बृहन्मुंबई महानगरपालिका) की लापरवाही से एक मासूम बुधवार रात को गटर (नाला) में गिर गया. फिलहाल बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए बचाव अभियान चल रहा है. घटना के बाद से ही दमकल विभाग के कर्मचारी, पुलिस और बीएमसी की टीमें मौके पर मौजूद है. लेकिन बच्चे का अब तक कोई पता नहीं चल सका है.

मिली जानकारी के मुताबिक गोरेगांव के अम्बेडकर नगर इलाके में तीन साल का दिव्यांश सिंह एक खुले नाले में गिर गया. यह घटना कल रात 10:24 बजे की है जब दिव्यांश सड़क पर चलते हुए गलती से गटर में जा गिरा. इस हादसे का वीडियो पर सामने आया है जिसमें देखा जा सकता है कि दिव्यांश सड़क किनारे बने एक इलेक्ट्रिक बॉक्स के पीछे खुले नाले में चलते-चलते अचानक गिर जाता है. दरअसल नाला अंधेरा होने के कारण उसे दिखाई नहीं दिया और वह सीधे उसमें जा गिरा.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिस नाले में दिव्यांश गिरा है वह ज्यादा गहरा नहीं है. लेकिन यह नाला आगे जाकर एक गहरे सीवर में मिलता है. उधर, बारिश के चलते नाले में पानी का बहाव भी काफी तेज है. ऐसे में बच्चे की सुरक्षा को लेकर सभी चिंतित हैं. जबकि परिवार में मातम पसरा हुआ है.

यह भी पढ़े- 2006 मुंबई ट्रेन ब्लास्ट की 13वीं बरसी: 11 जुलाई को लोकल ट्रेनों में हुए थे सीरियल ब्लास्ट, हुई थीं 150 से ज्यादा मौतें

गौरतलब हो कि बीएमसी की लापरवाही के चलते हर साल बारिश के मौसम में ऐसी घटनाएं होती रहती है. लेकिन इसके बावजूद ना तो राज्य सरकार और ना ही बीएमसी कोई ठोस कदम उठा रही है. आपको याद दिला दें कि साल 2017 की बारिश में मुंबई के मशहूर डॉक्टर दीपक अमरापुरकर की खुले गटर (मेनहोल) में गिरने से मौत हो गई थी.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2019 12:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).