बुलंदशहर हिंसा: सुमित का एक और वीडियो वायरल, पुलिसवालों पर पत्थरबाजी करते दिखा
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के स्याना में गोकशी के बाद हुई हिंसा के मामले में एक और वीडियो वायरल हुआ है. इस कथित वीडियो में इस हिंसा के दौरान मारा गया युवक सुमित अन्य युवकों के साथ पुलिस पर पथराव करता नजर आ रहा है.
उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बुलंदशहर (Bulandshahr) के स्याना में गोकशी के बाद हुई हिंसा (Bulandshahr Violence) के मामले में एक और वीडियो वायरल हुआ है. इस कथित वीडियो में इस हिंसा के दौरान मारा गया युवक सुमित अन्य युवकों के साथ पुलिस पर पथराव करता नजर आ रहा है. घटना में मारे गए युवक सुमित (Sumit) का वीडियो असली है या एडिट कर वायरल किया गया है, इसकी अभी तक कोई पुष्टि नहीं हो सकी है. स्याना (Syana) क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी सत्यप्रकाश शर्मा ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि उनके संज्ञान में भी ऐसा वीडियो आया है. उन्होंने कहा कि जब तक वीडियो की सत्यता की जांच ना हो तब तक इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है.
गौरतलब है कि तीन दिसंबर को स्याना बवाल के बाद सोशल मीडिया पर लगातार घटना से संबंधित वीडियो वायरल हो रहे हैं. इसमें इंस्पेक्टर सुबोध को मारकर भागते युवकों का वीडियो, गोकशी को लेकर हंगामा करते युवकों का वीडियो, पुलिस के लाठीचार्ज, युवकों द्वारा चौकी में आगजनी, सुमित को गोली लगने का वीडियो वायरल हो चुका है. यह भी पढ़ें- बुलंदशहर हिंसा के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिए सख्त निर्देश, कहा- गोकशी और गो तस्करी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
बुधवार को एक और कथित वीडियो जारी हुआ, जिसे सुमित को गोली लगने की घटना से पहले का बताया जा रहा है. इसमें कुछ युवक पुलिस पर पथराव करते दिखाई दे रहे हैं. इन युवकों में सुमित को भी शामिल दिखाया गया है, जो पुलिस पर पथराव करता नजर आ रहा है. इसके बाद सुमित को गोली लगने, पुलिसकर्मियों के भागने तथा युवकों द्वारा सुमित को उपचार के लिए ले जाने का वीडियो है. यह वीडियो असली है या एडिट कर वायरल किया गया है, इस बारे में मृतक सुमित के परिजनों का भी अभी तक कोई बयान नहीं आया है.
गौरतलब है कि सुमित की मौत के बाद उसके परिजनों ने बताया कि सुमित ने पुलिस भर्ती की परीक्षा भी दी थी, जिसका परिणाम आने वाला है. सोमवार दोपहर सुमित का एक दोस्त अरविंद के घर पर शादी का कार्ड देने के लिए गया हुआ था. चाय पीने के बाद वह दोस्त को बाइक पर लेकर चिंगरावठी पुलिस चौकी के सामने बस स्टॉप पर छोड़ने चला गया. थोड़ी ही देर बाद उसके गोली लगने की सूचना परिजनों को मिली.
वहीं स्थानीय पुलिस का कहना है कि पहली फायरिंग ग्रामीणों की तरफ से हुई थी जबकि पुलिस की तरफ से हवा में फायरिंग की गई थी. एफआईआर में भी ये बात कही गई हैं. उन्होंने कहा कि इस घटना में सुमित की भी मौत हुई है और उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने से मौत की पुष्टि हुई है. एडीजी मेरठ जोन प्रशांत कुमार के अनुसार मामले की जांच की जा रही है.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 05, 2018 11:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

