Bihar: बिहार में रोजगार मांगने वालों की संख्या बढ़ी, 10 महीने में 2.67 लाख लोगों ने कराया निबंधन
बिहार में विपक्ष रोजगार के मुद्दे पर सत्ता पक्ष को घेरने का कोई भी अवसर नहीं छोड़ रहा है. इस बीच, श्रम संसाधन विभाग के पोर्टल में रोजगार मांगने वालों की संख्या में वृद्धि हुई है. इस दौरान कोरोना काल में रोजगार मांगने वालों की संख्या में सबसे अधिक वृद्धि देखी गई है.
पटना, 24 फरवरी : बिहार में विपक्ष रोजगार के मुद्दे पर सत्ता पक्ष को घेरने का कोई भी अवसर नहीं छोड़ रहा है. इस बीच, श्रम संसाधन विभाग के पोर्टल में रोजगार मांगने वालों की संख्या में वृद्धि हुई है. इस दौरान कोरोना काल में रोजगार मांगने वालों की संख्या में सबसे अधिक वृद्धि देखी गई है. इस साल जनवरी तक सबसे अधिक लोगों ने रोजगार के लिए निबंधन कराया है. श्रम संसाधन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सरकार के नेशनल कैरियर सर्विस पोर्टल पर अब तक 13 लाख से अधिक लोगों ने रोजगार के लिए निबंधन करवाया है. इनमे सबसे अधिक 2021-22 में 2,67,635 बेरोजगारों ने रोजगार की मांग की है. रोजगार मांगने वालों में बेरोजगारों के साथ ही कुछ स्व-रोजगार कर रहे लोग भी शामिल है. हालांकि राहत की बात यह है कि निबंधन करने वालों में एक भी छात्र नहीं है, जो पढ़ाई के साथ-साथ रोजगार भी मांग रहा हो.
उल्लेखनीय है कि बेरोजगारों को रोजगार मांगने में दिक्कत नहीं हो तथा सरकार योग्यता अनुसार काम मांगने वालों को रोजगार उपलब्ध करा सके इसके लिए यह पोर्टल बनाया गया है. आंकड़ों पर गौर करें तो 2015-16 में इस पोर्टल पर 5146 लोगों ने निबंधन कराया था जबकि 2019 -20 में 118839 लोगों ने पोर्टल पर जाकर सरकार से रोजगार की मांग की. इसके बाद 2020-21 में रोजगार मांगने वालों की संख्या में कमी आ गई और यह संख्या 78259 तक सीमित रही. इसके बाद कोरोना काल में बड़ी संख्या में बाहर से लोग लौटे और 2021-22 (जनवरी तक) में यह संख्या बढ़कर 2,67,635 तक जा पहुंची. यह भी पढ़ें : COVID-19: देश में कोविड-19 के मामले घटकर 14148 हुए, 302 मौतें हुई
उल्लेखनीय है कि जॉब फेयर या नियोजन सह मार्गदर्शन मेला लगता है तो इन्हीं निबंधित लोगों को आमंत्रित किया जाता है. बिना निबंधन वालों को रोजगार मेले में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाती. साल 2015-16 से यह व्यवस्था प्रभावी है. उल्लेखनीय है कि पिछले विधानसभा चुनाव में राजद ने बेरोजगारी को सबसे बड़ा मुद्दा बनाया था. चुनाव के बाद भी विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव बेरोजगारी को लेकर सत्ता पक्ष को घेरते रहते हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 24, 2022 11:36 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

