Bengaluru: लाइव मैच के दौरान जोरदार पंच से घायल हुआ किकबॉक्सर, इलाज के दौरान मौत, आयोजकों पर मामला दर्ज
कर्नाटक में मैसूरु का एक किकबॉक्सर 10 जुलाई को किकबॉक्सिंग कार्यक्रम में गंभीर रूप से जख्मी होने के बाद कोमा में चला गया था और उनकी एक निजी अस्पताल में मौत हो गई है. पुलिस ने बताया कि इस बाबत ज्ञानभारती थाने में मामला दर्ज किया गया है.
बेंगलुरु, 14 जुलाई: कर्नाटक में मैसूरु का एक किकबॉक्सर 10 जुलाई को किकबॉक्सिंग कार्यक्रम में गंभीर रूप से जख्मी होने के बाद कोमा में चला गया था और उनकी एक निजी अस्पताल में मौत हो गई है. पुलिस ने बताया कि इस बाबत ज्ञानभारती थाने में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के मुताबिक, केंगेरी-स्थित के-1 किक बॉक्सिंग ऑर्गनाइजेशन, कर्नाटक की ओर से 10 जुलाई को शहर के ज्ञान ज्योति नगर के एक जिम में ‘के-1 किकबॉक्सिंग चैम्पियनशिप’ का आयोजन किया गया था.
कार्यक्रम के दौरान, निखिल एस (23) को अपने प्रतिद्वंद्वी का ज़ोरदार घूंसा लगा और वह रिंग में ही गिर पड़े. उन्हें फौरन निजी अस्पताल ले जाया गया जहां वह दो दिन तक कोमा में रहे और 12 जुलाई को उन्होंने दम तोड़ दिया.
देखें वीडियो
Police have registered a negligence case against organisers after boxer Nithin died after he received a blow from opponent in state level kickboxing championship. @IndianExpress pic.twitter.com/PgiwkPK4Tp
— Kiran Parashar (@KiranParashar21) July 14, 2022
निखिल के पिता सुरेश पी की शिकायत पर के-1 किकबॉक्सिंग एसोसिएशन और इसके प्रमुख कोच नवीन रविशंकर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. सुरेश ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि आयोजकों की ओर से कई चूक की गई थी जिस वजह से उनके बेटे की मौत हुई.
उन्होंने आरोप लगाया कि कूशन की मोटाई भी अपर्याप्त थी जिस वजह से ज़मीन पर गिरने पर उनके बेटे के सिर पर गंभीर चोट आई और उसकी मौत हुई. कोई पैरामेडिकल दल, ऑक्सीजन सिलेंडर और स्ट्रेचर नहीं था और न ही घायल को अस्पताल ले जाने के लिए कोई गाड़ी थी.
सुरेश ने आरोप लगाया, “ प्राथमिक उपचार या एंबुलेंस की कोई व्यवस्था नहीं थी. उन्हें (निखिल) बहुत गलत तरीके से अस्पताल ले जाया गया. उनकी (आयोजकों की) लापरवाही की वजह से मनिपाल अस्पताल में मेरे बेटे की मौत हो गई.”
इनपुट भाषा
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2022 08:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

