जरुरी जानकारी | जोहो ने इंजीनियरिंग पदों पर भर्तियां रोकी, अन्य विभागों में सीमित भर्ती

नयी दिल्ली, 14 जून वैश्विक बाजार में मुश्किल परिस्थितियों के बीच सॉफ्टवेयर सेवा प्रदाता जोहो ने बुधवार को कहा कि छंटनी नहीं करने के साथ ही उसने इंजीनियरिंग पदों पर भर्तियां रोकने के साथ विपणन खर्च को भी कम कर दिया है।

हालांकि कंपनी ने कहा कि ग्राहकों से संवाद करने वाले पदों पर चुनिंदा भर्तियां जारी रहेंगी। मध्यम बाजार और उद्यम बाजार में अपनी रफ्तार बनाए रखने के लिए जोहो ने अपने सभी विभागों में निवेश की भी घोषणा की है।

जोहो ने उपाध्यक्ष (विपणन एवं ग्राहक अनुभव) प्रवल सिंह ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कंपनी ने पिछले तीन वर्षों में मध्यम बाजार और उद्यम खंड में 65 प्रतिशत की चक्रवृद्धि दर हासिल की है। जोहो फिलहाल छह लाख से ज्यादा कारोबारों में नौ करोड़ से ज्यादा उपयोगकर्ताओं को सेवाएं दे रही है।

चालू वित्त वर्ष में भर्तियों की योजना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कंपनी एक बार में एक महीने को ही ध्यान में रखते हुए कदम उठा रही है लेकिन इंजीनियरिंग पदों पर भर्तियों पर निश्चित रूप से रोक लगी हुई है।

प्रवल सिंह ने कहा, “हम ग्राहक से संवाद करने वाले पदों (बिक्री और विपणन, ग्राहक सहयोग) पर चुनिंदा भर्तियां कर रहे हैं क्योंकि आपको ग्राहकों को सेवाएं देने के लिए उनकी जरूरत पड़ती है लेकिन आम तौर पर व्यापक स्तर पर भर्तियों के मामले में अभी स्थिरता नहीं है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)