देश की खबरें | मुंबई में जीका वायरस का मामला मिला, मरीज अब पूरी तरह से ठीक हुआ : बीएमसी

मुंबई, 23 अगस्त मुंबई में रहने वाले 79 वर्षीय एक बुजुर्ग शख्स ज़ीका वायरस से संक्रमित हो गए थे, हालांकि अब वह पूरी तरह से इससे उबर चुके हैं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बुधवार को यह जानकारी दी।

बीएमसी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि लोग घबराएं नहीं, क्योंकि जीका संक्रमण "स्वयं ठीक होने वाली बीमारी" है।

उसने कहा कि पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान ने पुष्टि की है कि उपनगर चेंबूर में रहने वाले शख्स जीका वायरस से संक्रमित थे।

विज्ञप्ति के मुताबिक, उनमें 19 जुलाई 2023 को बुखार, नाक बंद होना और खांसी जैसे लक्षण दिखे और उन्होंने निजी तौर पर प्रैक्टिस कर रहे डॉक्टर से लक्षणों का उपचार लिया। उसमें कहा गया है कि मरीज को ठीक होने पर दो अगस्त को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

मरीज की 20 साल पहले एंजियोप्लास्टी हुई थी और उन्हें मधुमेह, रक्तचाप समेत अन्य बीमारियां भी हैं।

विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘जीका वायरस से संक्रमित खुद ही ठीक हो जाती है और इससे संक्रमित 80 फीसदी लोगों कोई लक्षण नहीं होता है।”

बीएमसी ने कहा कि मरीज़ के घर के आसपास स्थित घरों में सर्वेक्षण किया गया लेकिन इसका कोई और मामला नहीं मिला।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि ज़ीका वायरस संक्रमित एडीज मच्छरों द्वारा फैलता है जिनके कारण डेंगू और चिकुगुनिया भी होता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)