अमरावती, 25 जून आंध्र प्रदेश में 15 वर्षीय एक किशोर की मौत हो जाने और ‘जन सेना’प्रमुख पवन कल्याण को एक प्रमुख कापू नेता द्वारा कड़े शब्दों में लिखे गये पत्र को लेकर सत्तारूढ़ दल वाईएसआर कांग्रेस पर मुख्य विपक्षी पार्टी तेदेपा के हमले से राज्य में सियासी पारा चढ़ गया है।
यह पत्र कापू समुदाय के प्रति पवन कल्याण की प्रतिबद्धता पर सवाल खड़े करते हुए लिखा गया है।
जगनमोहन रेड्डी सरकार ने राज्य में 1.6 करोड़ परिवारों तक पहुंचने के लिए एक महीने तक चलने वाले कार्यक्रम ‘जगन्ना सुरक्षा’ की 23 जून को शुरूआत की थी। इसका उद्देश्य लोगों के अनसुलझे शिकायतों को जानना और उनका समाधान करना है।
जगन्ना सुरक्षा कार्यक्रम 15,004 गांवों और वार्ड कार्यालयों में संचालित किया जाएगा, जिसमें स्वयंसेवियों, ग्राम एवं वार्ड कार्यालय के कर्मचारी पात्र लाभार्थियों की पहचान करने के लिए अगले 10 दिनों में 5.3 करोड़ लोगों से मिलेंगे।
तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने 15 वर्षीय एक किशोर की बापतला जिले के चेरकुपाल्ली गांव में कथित तौर पर झुलस कर मौत हो जाने की घटना, और राज्य में खराब होती कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर 19 जून को राज्य सरकार को आड़े हाथ लिया था।
किशोर के घर का दौरा करने के बाद नायडू ने यह जानना चाहा कि मुख्यमंत्री मृतक के परिवार से मिलने क्यों नहीं गये और किसी वित्तीय सहायता की घोषणा क्यों नहीं की। उन्होंने एलुरु कस्बे में हाल में एक महिला पर हुए तेजाब हमले का मुद्दा भी उठाया।
राज्य की बेहतरी के लिए मुख्यमंत्री के रूप में एक मौका देने की पवन कल्याण की लोगों से अपील पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूर्व मंत्री एवं कापू समुदाय के नेता मुद्रागडा पद्मनाभम ने 20 जून को लिखे एक पत्र में सवाल किया कि जन सेना प्रमुख लोगों से उन्हें (पवन को) मुख्यमंत्री बनाने की अपील कैसे कर सकते हैं, जब वह संभवत: तेदेपा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन के तहत 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ने को इच्छुक हैं।
पद्मनाभम ने उल्लेख किया, ‘‘आपको (विधानसभा की) 175 सीट पर चुनाव लड़ते हुए मुख्यमंत्री बनाने की बात कहनी चाहिए, ना कि एक गठबंधन के तहत चुनाव लड़ते हुए। गठबंधन के तहत चुनाव लड़ते हुए खुद को मुख्यमंत्री बनाने के बारे में सोचना हास्यास्पद है।’’
कल्याण ने मुख्यमंत्री और वाईएसआर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ अपना हमला जारी रखा है। वह आज कोंसीमा जिले के मलिकापुरम गांव में एक जनसभा को संबोधित करने वाले हैं।
उल्लेखनीय है कि हाल में एक बैठक में कल्याण ने घोषणा की थी कि वह मुख्यमंत्री बनने के लिए तैयार हैं। उन्होंने वादा किया कि वह आंध्र प्रदेश को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY