चंडीगढ़, एक नवंबर हरियाणा के बल्लभगढ़ में दिल्ली-आगरा राजमार्ग को जाम करने वाले युवकों के एक समूह ने रविवार को पुलिस पर पथराव किया जिससे फरीदाबाद के कम से कम दस पुलिसकर्मी घायल हो गये। इससे पहले युवकों से जाम हटाने को कहा गया था। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने इस समूह को तितर-बितर करने के लिये हल्का बल प्रयोग किया। इसके बाद राजमार्ग यातायात के लिये खुल गया। युवकों ने कुछ देर के लिए राजमार्ग को जाम कर दिया था ।
बल्लभगढ़ के दशहरा मैदान में जिस वक्त महापंचायत शुरू हुयी उसी दौरान यह घटना हुयी ।
महापंचायत का आयोजन विभिन्न सामाजिक संगठनों ने किया था जिसका मकसद 21 साल की कॉलेज छात्रा निकिता के लिए न्याय की मांग करना था। निकिता की बल्लभगढ़ मे उसके कॉलेज के बाहर गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी । गोली कथित रूप से एक व्यक्ति ने मारी थी जो उस पर विवाह करने के लिये दवाब डाल रहा था। बाद में मुख्य आरोपी तौसीफ समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया था।
पुलिस ने बताया कि जहां महापंचायत शुरू हुयी, अचानक वहां युवकों का एक समूह पहुंचा और राजमार्ग को जाम कर दिया।
प्रदर्शनकारी युवा निकिता हत्याकांड में शामिल आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे थे। उनमें से कुछ ने बाद में अचानक पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया जब उनसे कहा गया कि वे राजमार्ग को जाम नहीं करें।
पुलिस ने बताया कि महापंचायत के आयोजकों ने कहा कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि वे लोग कौन हैं।
फरीदाबाद के पुलिस आयुक्त ओ पी सिंह ने फोन पर पीटीआई- को बताया कि पथराव में दस पुलिसकर्मी घायल हुये हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY