देश की खबरें | युवक के हिरासत से फरार होने का मामला : महबूबा मुफ्ती ने कोर कमांडर से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया

श्रीनगर, 22 दिसंबर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बृहस्पतिवार को सेना की 15वीं कोर के कमांडर से जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सेना की हिरासत से एक युवक के कथित रूप से फरार होने संबंधी घटना की जांच कराने का अनुरोध किया।

मुफ्ती ने ट्वीट किया, ‘‘सेना द्वारा 13 दिसंबर को हिरासत में लिया गया एक युवक कथित रूप से उनकी हिरासत से भाग गया और अब लापता है। सेना की हिरासत से एक नागरिक के फरार होने संबंधी घटना चिंताजनक है। कोर कमांडर कृपया मामले में हस्तक्षेप करें।’’

पेशे से चालक अब्दुल रशीद डार की मां ने आरोप लगाया कि डार को सेना ने 15 दिसंबर को हिरासत में लिया था।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें बताया गया कि उसे अगले दिन रिहा कर दिया जाएगा। अगले दिन जब हम सेना के शिविर गए तो हमें बताया गया कि वह हिरासत से भाग गया है।’’

डार के परिजनों ने बुधवार को यहां विरोध प्रदर्शन किया और उसका पता लगाने की मांग की।

एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि वह इस बारे में जानकारी प्राप्त करने के बाद इस संबंध में कोई टिप्पणी करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)