नयी दिल्ली, एक जुलाई आम आदमी पार्टी ने ईंधन के दामों में बढ़ोतरी के विरोध में विभिन्न राज्यों में प्रदर्शन किया और कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर पैदा हुई स्थिति में बढ़े हुए दामों को तत्काल वापस लेने की मांग की।
पेट्रोल और डीजल के दाम में तीन हफ्तों से कुछ ही ज्यादा वक्त में सोमवार को 22वीं बार बढ़ोतरी हुई।
राष्ट्रीय राजधानी में पुलिस ने करीब 50 आप कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया और उनके खिलाफ मामले दर्ज किये गए।
आप ने ईंधन के दाम तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि पहले ही कोरोना वायरस की मार झेल रहे लोगों को ईंधन के दामों में लगातार बढ़ोतरी खासी प्रभावित कर रही है।
यह भी पढ़े | दिल्ली में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 90 हजार के करीब पहुंचा, 24 घंटे में 2,442 नए केस.
दिल्ली के मंत्री राजेंद्रपाल गौतम समेत आप के वरिष्ठ नेता दिल्ली में आईटीओ पर पार्टी मुख्यालय पर एकत्रित हुए और ईंधन के दामों में बढ़ोतरी के खिलाफ भाजपा दफ्तर की तरफ बढ़ने लगे।
आप के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने दावा किया कि भाजपा सरकार को ईंधन के दामों में बढ़ोतरी का फायदा मिल रहा है।
राय ने ट्वीट किया, “भाजपा सरकार को ईंधन के बढ़े हुए दाम तत्काल वापस लेने चाहिए। ईंधन के दाम में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आवश्यक वस्तुओं के दाम भी बढ़ रहे हैं। भाजपा सरकार को इस बढ़े हुए दाम का फायदा मिल रहा है लेकिन आम लोग परेशान हो रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत गिरकर 40 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गई है लेकिन मोदी सरकार है कि कोरोना काल में मुश्किल हालात का सामना कर रहे उद्योगों और आम लोगों को राहत देने के लिए पेट्रोल-डीजल की कीमतों को कम नहीं कर रही है।”
प्रदर्शन स्थल पर मौजूद दिल्ली सरकार के मंत्री और आप के वरिष्ठ नेता राजेंद्रपाल गौतम ने कहा कि कोविड-19 ने देश को बर्बाद किया और हजारों लोग बेरोजगार हो गए, लेकिन अब भाजपा सरकार ने ईंधन के दाम बढ़ाकर उनकी बचत को भी खत्म कर दिया।
उन्होंने कहा कि ईंधन के दाम में बढ़ोतरी से अंतत: आवश्यक वस्तुओं के दाम में इजाफा होगा और नुकसान गरीब आदमी का होगा।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि प्रदर्शन करने पर आप के करीब 50 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर राजेंदर नगर पुलिस थाने ले जाया गया।
उन्होंने कहा कि उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया।
अधिकारी ने बताया कि बाद में सभी को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
आप के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने शांति पूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के लिये पुलिस की आलोचना की।
दिल्ली भाजपा ने आम आदमी पर निशाना साधते हुए प्रदर्शन के समय पर सवाल उठाए।
एक बयान के मुताबिक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि आप कार्यकर्ताओं ने सामाजिक दूरी के नियमों का उल्लंघन किया और इससे कोरोना वायरस के खिलाफ दिल्ली के लोगों की जंग कमजोर हो सकती है।
इसमें कहा गया कि दिल्ली में पेट्रोल डीजल के बढ़े दामों की वजह खुद दिल्ली सरकार है। दिल्ली सरकार द्वारा बढ़ाए गए वैट की वजह से दिल्ली में पेट्रोल और डीजल के दाम ज्यादा हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY