नयी दिल्ली, 29 नवंबर इथियोपिया के अमेदेवर्क वेलेलेगन और यालेमजर्फ येहुआलॉ ने रविवार को यहां कोविड-19 महामारी के बीच जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में आयोजित एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन में रिकार्ड समय के साथ क्रमश: पुरूष और महिला खिताब अपने नाम किये।
इस विश्व एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रोड रेस में दोनों पुरूष और महिला एलीट रेस विजेताओं ने कोर्स रिकार्ड बनाये। वेलेलेगन (58.53 सेकेंड) और येहुआलॉ को पहला स्थान हासिल करने के लिये 27,000 डॉलर की इनामी राशि के साथ रिकार्ड के बोनस के लिये अतिरिक्त 10,000 डॉलर मिले।
यह भी पढ़े | Farmers Protest: किसान आंदोलन को सुलझाने के लिए गृहमंत्री अमित शाह ने संभाली कमान.
बल्कि येहुआलॉ दूसरी सबसे तेज महिला हाफ मैराथन दौड़ने वाली एथलीट रहीं। उन्होंने एक घंटे चार मिनट 46 सेकेंड का समय लिया जो विश्व रिकार्ड समय (1:04:31) से सेंकेंड के एक चौथाई समय से ज्यादा था जो हमवतन अबाबेल येशानेह के नाम है जो तीसरे स्थान पर रहीं।
भारत के लिये तोक्यो ओलंपिक के लिये क्वालीफाई कर चुके अविनाश साबले ने 1:00:30 के समय से राष्ट्रीय रिकार्ड बनाया। महाराष्ट्र के 26 साल के साबले ओवरआल 10वें स्थान पर रहे। उन्हें पहले स्थान के लिये 3.5 लाख रूपये की राशि हासिल की और भारतीयों में कोर्स रिकार्ड बनाने के लिये अतिरिक्त एक लाख रूपये दिये गये।
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) के आधिकारिक रिकार्ड के अनुसार पूर्व राष्ट्रीय हाफ मैराथन रिकार्ड एक घंटा तीन मिनट 46 सेकेंड के समय से महाराष्ट्र के कालीदास हिरावे के नाम पर था।
इस साल का रेस रिकार्ड स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के कारण हालांकि पिछले दो वर्षों के रिकार्ड से अलग था और एलीट एथलीट महामारी के कारण अलग तरह के माहौल में दौड़े जिसमें आयोजकों ने उनके लिये जैविक रूप से सुरक्षित जोन बनायी हुई थी।
पुरूषों की रेस में पिछले साल के रजत पदक विजेता वेलेलेगन ने हमवतन और गत चैम्पियन अंदामलाक बेलिहू को रोमांचक मुकाबले में हराकर 58 मिनट 53 सेकंड के कोर्स रिकार्ड समय से स्वर्ण पदक जीता। वेलेलेगन ने पिछले महीने विश्व हाफ मैराथन चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता था।
बेलिहू ने 2018 और 2019 में यहां खिताब जीता था । उन्हें 58 . 54 के समय के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा । युगांडा के स्टीफन किस्सा ने 21 . 09 किलोमीटर की रेस 58 मिनट 56 सेकंड में पूरी की ।
इक्कीस साल के वेलेलेगन ने 59 मिनट छह सेकेंड के पहले के कोर्स रिकार्ड से बेहतर प्रदर्शन किया जो उनके हमवतन गाये एडोला के नाम था जिन्होंने इसे 2014 में बनाया था।
वेलेलेगन ने नये सर्किट के बारे में कहा, ‘‘मेरे कुछ पैच खराब रहे लेकिन अंतिम के किलोमीटर में मैं मजबूत महसूस कर रहा था। मैं 2018 में दूसरे स्थान पर रहा था लेकिन यह तेज कोर्स था जिसमें मोड़ इतने ज्यादा खराब नहीं थे। ’’
तोक्यो ओलंपिक में 3000 स्टीपलचेज के लिये क्वालीफाई कर चुके साबले ने एक घंटा 30 सेकंड का समय निकाला । यह पहली बार है जब एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन में किसी भारतीय ने 61 मिनट से कम समय निकाला हो।
साबले ने कहा, ‘‘मैं राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ना चाहता था और रेस के दौरान अंतरराष्ट्रीय धावकों के जितना करीब हो, उतना रहना चाहता था। मैं खुश हूं कि ऐसा कर सका। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने एक साल तक किसी भी टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया है और मैं सिर्फ अभ्यास ही कर रहा हूं इसलिये मैं इसका हिस्सा बनना चाहता था। एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन ने निश्चित रूप से ओलंपिक के लिये तैयारी में मेरी मदद की। ’’
श्रीनू बुगाथा इस साल भारतीयों में दूसरे स्थान पर रहे जिन्होंने 1:04:16 का समय निकाला जबकि दुर्गा बहादुर बुद्धा 1:04:19 के समय से तीसरे स्थान पर रहे।
स्टार सुसज्जित महिला एलीट रेस में येहुआलॉ ने एक घंटा चार मिनट 46 सेकेंड के कोर्स रिकार्ड समय से रेस जीती और उन्होंने हमवतन और गत चैम्पियन सेहे गेमेचु के 1:06:00 समय से बेहतर किया जबकि इस बार गेमेचु पोडियम स्थान हासिल नहीं कर पायीं।
येहुआलॉ ने कहा, ‘‘मैंने जो उम्मीद की थी, यह उससे ज्यादा है और एक साल पहले महज एक सेंकेंड से हारने के बाद मैंने यहां जीतने की उम्मीद लगायी थी। मेरी योजना दो किलोमीटर पहले खुद को तेज रखने की थी जिससे मुझे तेज समय निकालने में मदद मिली और मौसम भी बहुत अच्छा था। ’’
कीनिया की रूथ चेपंगेटिच (1:05:06) दूसरे और एक अन्य इथियोपियाई और विश्व हाफ मैराथन की रिकार्ड धारी अबाबेल येशानेह (1:05:21) तीसरे स्थान पर रहीं।
वेलेलेगन की तरह ही फार्म में चल रही येहुआलॉ पिछले साल यहां दूसरे स्थान पर रही थीं और पिछले महीने विश्व हाफ मैराथन में उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया था।
भारतीयों में पारूल चौधरी ने एक घंटा 12 मिनट 18 सेकेंड के समय से स्वर्ण पदक हासिल किया, वह पिछले साल दूसरे स्थान पर रही थीं। वहीं संजीवनी जाधव (1:13:00) और कोमल जगदाले (1:14:04) क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
कोरोना महामारी के बीच एयरटेल दिल्ली हाफ मैराथन भारत में पहला वैश्विक खेल आयोजन है जिसके लिये खेल मंत्री किरेन रीजीजू और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज अभिनव बिंद्रा उपस्थित थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY