देश की खबरें | मादक पदार्थों के खिलाफ विश्व रिकॉर्ड अभियान में एक लाख से अधिक हाथ के निशान प्राप्त हुए

शिमला, 24 जुलाई मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ एक विश्व रिकॉर्ड अभियान में एक गैर लाभकारी संस्था को एक लाख से अधिक हाथ के निशान ऑनलाइन प्राप्त हुए हैं।

सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि नशा मुक्त समाज को बढ़ावा देने के लिए एक प्रतीकात्मक शपथ के रूप में कलगीधर ट्रस्ट ने 120 अकाल अकादमियों (स्कूलों की श्रृंखला), इटरनल विश्वविद्यालय और दो अकाल नशा मुक्ति केंद्रों के संयुक्त प्रयासों से एक लाख से अधिक हाथ के निशान एकत्र किए।

संस्थान ने अपने बयान में कहा, ‘‘2019 में लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड और 2020 में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (यूके) में अपना नाम दर्ज कराने के बाद इस साल कलगीधर ट्रस्ट ने प्रतीकात्मक शपथ के रूप में एक लाख हाथों के निशान प्राप्त करके एक और महत्वपूर्ण रिकॉर्ड हासिल किया है।’’

इस पहल की शुरुआत 26 जून को की गई थी।

ट्रस्ट के अध्यक्ष दविंदर सिंह ने बताया कि एकत्र किए गए हाथ के निशान में 80 फीसदी निशान पांच-15 वर्ष के बच्चों की ओर से जमा कराए गए।

उन्होंने बयान में कहा कि व्यापक भागीदारी सुनिश्चित के लिए ट्रस्ट की कई टीमों ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के दूरदराज के इलाकों तक पहुंच स्थापित की।

यह भी बताया कि इस उपलब्धि को हासिल करने पर वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स (यूके) द्वारा कलगीधर ट्रस्ट बरू साहिब को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)