देश की खबरें | सोनीपत में महिला पहलवान और उनके भाई की गोली मारकर हत्या

सोनीपत/गोंडा, 10 नवंबर हरियाणा के सोनीपत जिले में बुधवार को एक कुश्ती अकादमी में कुछ हमलावरों ने गोलीबारी कर विश्वविद्यालय स्तर की पहलवान निशा दहिया और उनके भाई की हत्या कर दी, जबकि मां घायल हो गई। घटना के बाद गुस्साए गांववालों ने अकादमी में आग लगा दी।

जिस महिला पहलवान की हत्या की गयी, उनकी पहचान को लेकर भ्रम पैदा हो गया और कई खबरों में उन्हें हाल ही में अंडर-23 वर्ग की विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली पहलवान बता दिया गया। कांस्य पदक विजेता पहलवान का नाम भी निशा दहिया ही है।

पुलिस को संदेह है कि सोनीपत के हलालपुर इलाके में हुई इस गोलीबारी की घटना के पीछे अकादमी का कोच-सह-मालिक है। पुलिस उसे पकड़ने व घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

सोनीपत के सहायक पुलिस अधीक्षक मयंक गुप्ता ने बताया कि निशा दहिया (20) और उनके भाई सूरज (18) इस वारदात में मारे गए। उन्होंने उन खबरों को खारिज कर दिया जिसमें मृतक महिला को कांस्क पदक विजेता पहलवान बताया गया है।

गुप्ता ने बताया कि वह विश्वविद्यालय स्तर की पहलवान थीं जो सुशील कुमार कुश्ती अकादमी में अभ्यास कर रही थीं।

हालांकि कई खबरों में दहिया को विश्व पदक विजेता बताया गया जिन्हें कुछ दिनों पहले बेलग्रेड में उनके प्रदर्शन के लिए बुधवार सुबह ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी थी। भारतीय कुश्ती महासंघ ने एक वीडियो साझा कर स्थिति स्पष्ट की। इसमें जिसमें तेजी से उभरती पहलवान निशा दहिया को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वह राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के लिए अभी गोंडा में हैं और ठीक हैं।

उनके साथ 2016 ओलंपिक की कांस्य पद विजेता साक्षी मलिक बैठीं दिखाई दे रही हैं।

भारतीय महिला टीम के साथ बेलग्रेड गए कोच रणधीर मलिक ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘जिस लड़की की मौत हुई है वह सोनीपत के हलालपुर गांव की नयी पहलवान थीं। उसका नाम भी निशा दहिया है लेकिन वह अंडर-23 विश्व चैम्पियनशिप में भाग लेने वाली निशा नहीं है। चैम्पियनशिप में जाने वाली निशा सुरक्षित हैं। यह फर्जी खबर हैं कि उनकी मौत हो गयी है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)