नयी दिल्ली, 10 मार्च पंजाब विधानसभा चुनाव में भारी जीत के साथ आम आदमी पार्टी (आप) ने अपने अब तक के सियासी सफर में एक बड़ा मुकाम हासिल किया है और राष्ट्रीय राजनीति में एक विकल्प के रूप में उभरी है।
‘आप’ ने पंजाब में 92 सीट पर जीत हासिल कर निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस को बहुत पीछे छोड़ दिया। केजरवाल की पार्टी अब 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में तीन चौथाई बहुमत के साथ राज्य में सरकार बनाएगी।
‘आप’ की सूनामी में कई दिग्गज नेता भी धराशायी हो गए, जिनमें शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल, कांग्र्रेस नेता एवं मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (चमकौर साहिब और भदौर, दोनों सीट से हारे), कांग्रेस छोड़कर भाजपा से हाथ मिलाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू भी शामिल है।
आप ने 40 सदस्यीय गोवा में भी दो सीट हासिल कर तटीय राज्य में कुछ पकड़ बनायी है, लेकिन यह उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में खाता खोलने में नाकाम रही।
आप ने पंजाब, गोवा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ा था, ताकि वह अपना विस्तार करके राष्ट्रीय राजनीति में एक बड़ी ताकत बन सके।
पंजाब में जीत से उत्साहित पार्टी का लक्ष्य अब गुजरात और हिमाचल प्रदेश में अपना विस्तार करने पर है। इन दोनों राज्यों में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसमें आप भी मैदान में उतरेगी। आप के सूत्रों ने बताया कि गुजरात को ध्यान में रखते हुए पार्टी की योजना पंजाब का विजय पताका इस भाजपा शासित राज्य में पहुंचाने का है।
आम आदमी पार्टी के नेता अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार-रोधी आंदोलन से वर्ष 2011 में उपजी इस पार्टी के नेता एवं पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को प्रधानमंत्री नरेंद्र सिंह मोदी के विकल्प के तौर पर पेश कर रहे हैं।
चुनाव विश्लेषकों के मुताबिक केंद्र के तीन विवादास्पद कृषि कानून के खिलाफ किसानों के आंदोलन का समर्थन करना, कांग्रेस में आंतरिक कलह और शासन के दिल्ली मॉडल ने आप की जीत को आसान कर दिया।
राजनीतिक विश्लेषक और लोकनीति-सीडीएस के सहनिदेशक संजय कुमार ने ‘पीटीआई-’ से कहा कि ‘आप’ देश की एकमात्र क्षेत्रीय पार्टी और देश की केवल तीसरी ऐसी पार्टी है, जिसकी दो राज्यों में सरकार है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY