देश की खबरें | हरियाणा पुलिस की मदद से 22 साल बाद अपने परिवार से मिला गुमशुदा व्यक्ति

चंडीगढ़, 27 मई हरियाणा पुलिस द्वारा आठ महीने तक की गयी जांच के कारण करीब दो दशक पहले गुमशुदा हुआ 29 वर्षीय व्यक्ति उत्तर प्रदेश में अपने परिवार से दोबारा मिल पाया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सात साल की उम्र में कुछ लोगों ने कथित तौर पर अमित का अपहरण कर लिया था, जिसके कारण वह परिवार से अलग हो गया था। इस दौरान दिल्ली के विभिन्न बाल गृह में उसका पालन पोषण हुआ।

जांच का नेतृत्व करने वाले हरियाणा पुलिस की मानव तस्करी रोधी इकाई के सहायक उप-निरीक्षक राजेश कुमार ने सोमवार को कहा कि अमित 22 साल बाद हाल ही में अपने परिवार से दोबारा मिल पाया है।

कुछ महीने पहले एएसआई कुमार के संपर्क में आने पर अपने परिवार की तलाश के अमित के अथक प्रयास रंग लाए। कुमार एक बच्चे के लापता होने के मामले में दिल्ली गए थे, तभी अमित का उनसे संपर्क हुआ।

अमित को बस गांव की तेल मिल और “बाला चौक” नामक स्थान याद था। एएसआई कुमार ने उसके परिवार का पता लगाने के लिए सावधानीपूर्वक जांच शुरू की।

कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि अमित के माता-पिता 22 साल पहले अलग हो गए थे, जिसके बाद वह उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के एक गांव में अपने नाना के साथ रहने लगा। कुछ समय बाद अमित का पिता उसे अपने साथ सहारनपुर ले गया। एक दिन जब अमित कुछ खरीदने के लिए पास की एक दुकान पर गया तो किसी ने कथित तौर पर उसका अपहरण कर लिया।

कुमार ने कहा, “उस समय सात साल के रहे अमित ने कहा कि उसे याद है कि कुछ लोग उसे अपने साथ ले गए थे और जब वह जागा तो पाया कि वह मुंबई जाने वाली एक ट्रेन में सवार है।”

कुमार ने ‘पीटीआई-’ से कहा, “अमित ने मुझे बताया कि जब वह मुंबई पहुंचा, तो किसी ने यह समझकर उसे दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बिठा दिया कि बच्चा उत्तर भारतीय है। वहां से उसकी जिंदगी ने कई मोड़ लिए। ”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)