देश की खबरें | श्रीधरन के भाजपा में शामिल होने से पार्टी को केरल विधानसभा चुनाव में जीत की उम्मीद

तिरुवनंतपुरम, 20 फरवरी ‘‘मेट्रो मेन’’ के नाम से मशहूर ई श्रीधरन के भाजपा में शामिल होने के फैसले से पार्टी को उम्मीद है कि उसका केरल विधानसभा चुनाव में जीत का रास्ता साफ हो सकता है। केरल में विधानसभा चुनाव अप्रैल में होने की संभावना है।

हालांकि, राज्य में सत्तारूढ़ माकपा नीत एलडीएफ गठबंधन और विपक्षी कांग्रेस नीत एलडीएफ गठबंधन को 88 वर्षीय श्रीधरन के इस दक्षिणी राज्य की राजनीति में सक्रिय होने को लेकर कोई खास फर्क दिखाई नहीं पड़ता।

श्रीधरन को शानदार व्यक्ति करार देते हुए मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने कहा कि वह किसी भी पद को संभालने योग्य हैं।

विजयन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ वह एक शानदार व्यक्ति हैं। देश ने उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया है। वह किसी भी पद को संभालने योग्य हैं। उनकी इच्छानुसार सब कुछ होने दीजिए।’’

भाजपा को उम्मीद है कि श्रीधरन के पार्टी में शामिल होने से उसके वोट प्रतिशत में सुधार होगा और खासतौर पर उसे मध्यम वर्गीय मतदाताओं का साथ मिलने की पूरी आस है।

पार्टी के वरिष्ठ नेता बी राधाकृष्णन मेनन ने कहा कि श्रीधरन के भाजपा में शामिल होने के निर्णय ने केरल के विकास के लिए एक नई उम्मीद जगाई है।

मेनन ने पीटीआई- से कहा, ‘‘ श्रीधरन के पार्टी में शामिल होने के फैसले से राज्य में हमारे कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास और बढ़ गया है। आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान केरल का विकास सबसे अहम मुद्दा होगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)