नयी दिल्ली, पांच जून सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी विप्रो के शेयरधारकों ने 12,000 करोड़ रुपये की शेयर पुनर्खरीद योजना को मंजूरी दे दी है। शेयर बाजारों को सोमवार को जारी एक परीक्षक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
विप्रो के निदेशक मंडल ने 445 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 26.96 करोड़ इक्विटी शेयर वापस खरीदने की मंजूरी दी है।
इस रिपोर्ट के मुताबिक, डाक मत और ई-वोटिंग प्रक्रिया के जरिये 99.9 प्रतिशत शेयरधारकों ने इस प्रस्ताव के पक्ष में मत दिया। ई-वोटिंग तीन मई की सुबह शुरू हुई थी और एक जून को समाप्त हुई।
विप्रो के निदेशक मंडल ने कुल 26,96,62,921 शेयर वापस खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। यह कंपनी के 4.91 प्रतिशत कुल चुकता इक्विटी शेयरों के बराबर है।
बेंगलुरु स्थित मुख्यालय वाली कंपनी विप्रो ने हाल में समाप्त तिमाही में 3,074.5 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है। इससे पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी ने 3,087.3 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY