एजेंसी न्यूज

स्वच्छताकर्मियों के लिए सुनिश्चित करेंगे न्यूनतम मानदेय की गारंटी: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को स्वच्छताकर्मियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वह उनके लिए न्यूनतम मानदेय की गारंटी सुनिश्चित करेंगे.

स्वच्छताकर्मियों के लिए सुनिश्चित करेंगे न्यूनतम मानदेय की गारंटी: योगी आदित्यनाथ
Yogi Adityanath (Photo Credit: ANI)

गोरखपुर (उप्र), 28 जनवरी : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को स्वच्छताकर्मियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वह उनके लिए न्यूनतम मानदेय की गारंटी सुनिश्चित करेंगे. नगर निगम की तरफ से आयोजित सफाई मित्र सुरक्षा और सम्मान सम्मेलन की शुरुआत के साथ ही मुख्यमंत्री ने नगर निगम की 116 करोड़ रुपये की 176 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया. इस मौके पर अपने संबोधन में हुए योगी ने कहा,‘‘ स्वच्छताकर्मियों को न्यूनतम मानदेय की गारंटी हर हाल में मिलनी चाहिए. सरकार जल्द ही इसे पूरे प्रदेश में सुनिश्चित कराएगी.''

उन्होंने कहा, ''स्वच्छताकर्मियों के सुनिश्चित मानदेय के लिए पहले ही एक समिति गठित की गई है और शीघ्र ही इस पर ठोस कदम उठाए जाएंगे. मानदेय के साथ स्वच्छताकर्मियों के लिए आवास और जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी.'' अभयनंदन इंटर कॉलेज के मैदान पर हुए इस कार्यक्रम के मंच से मुख्यमंत्री ने सफाई मित्रों हेतु ई-सेवा पोर्टल, दस लाख रुपये तक की दुर्घटना बीमा सुविधा एवं कल्याण कोष की शुरुआत की. रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने कल्याण कोष से चार सफाई मित्रों के आश्रितों को सहायता राशि का चेक प्रदान किये. सफाई मित्रों एवं वाहन चालकों को वर्दी, लंच बॉक्स वितरित किए और घर-घर से कूड़ा एकत्र करने वाले वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह भी पढ़ें : मध्य प्रदेश : ग्वालियर में दंपत्ति, उनका बेटा अपने घर में फंदे से लटके मिले

इस अवसर पर योगी ने कहा, ''सुंदरता की आत्मा स्वच्छता में ही निहित होती है. प्रायः देखा जाता है कि जिस पर सबसे अधिक ध्यान दिया जाना चाहिए, वह किन्हीं कारणों से उपेक्षित हो जाता था. हम शहर को कितना भी सुंदर क्यों न बना लें, चौड़ी सड़कें बना लें लेकिन यदि स्वच्छता नहीं होगी तो सारी मेहनत पर पानी फिर जाएगा. ऐसे में स्वच्छता के लिए समर्पित भाव से कार्य करने वाले कर्मियों का सम्मान सबको करना चाहिए.'' मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में पांच सौ वर्षों के इंतजार के बाद रामलला का मंदिर बना है, उनकी प्राण प्रतिष्ठा हुई है तो वहीं गोरखपुर की स्वच्छता रैंकिंग में सुधार हुआ है. इन दोनों उपलब्धियों के लिए सबको बधाई बताते हुए योगी ने कहा कि स्वच्छता कर्मियों को न्यूनतम मानदेय के साथ आवासीय सुविधा भी मिलनी चाहिए.

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 28, 2024 05:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).