बेंगलुरु/तुमकुरु, 23 जून कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को राज्य सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर सिद्धरमैया सरकार ने तीन जुलाई को राज्य विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले अपनी पांच गारंटी पूरी नहीं कीं तो उनकी पार्टी प्रदर्शन करेगी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता येदियुरप्पा ने कहा कि अगर सरकार अपने वादे पूरे करने में विफल रही तो उनकी पार्टी कर्नाटक विधानसभा के अंदर और बाहर प्रदर्शन करेगी।
येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘हमारे विधायक विधानसभा के अंदर प्रदर्शन करेंगे। हमारे पास 65 विधायक हैं, जो कोई छोटी संख्या नहीं है। विधानसभा के बाहर महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास पार्टी के वे नेता प्रदर्शन करेंगे जो चुनाव हार गए हैं।’’
उन्होंने कहा कि प्रदर्शन, जिसमें वह भी भाग लेंगे, विधानसभा सत्र शुरू होने के दिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक और सत्र समाप्त होने तक चलेगा।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार पांच गारंटी के नाम पर झूठे वादे कर सत्ता में आई है।
येदियुरप्पा ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा प्रदान करने वाली शक्ति योजना के अलावा कोई अन्य योजना लागू नहीं की गई है। इसका मतलब है कि उन्होंने लोगों को धोखा दिया और पिछले दरवाजे से सत्ता में आए।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY