देश की खबरें | रेल मंत्री से मोहाली-राजपुरा रेल संपर्क स्थापित करने पर चर्चा करेंगे : बिट्टू

लुधियाना, 16 जून रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने रविवार को कहा कि मोहाली-राजपुरा बड़ी रेल लाइन निर्माण पर चर्चा की जाएगी और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) जल्द से जल्द तैयार की जाएगी।

केंद्रीय मंत्री बनने के बाद यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुये बिट्टू ने कहा कि यह संपर्क नयी दिल्ली-अमृतसर मुख्य लाइन पर सराय बंजारा में चंडीगढ़ को पंजाब से जोड़ेगा।

एक सवाल के जवाब में बिट्टू ने कहा कि वह रेल संपर्क स्थापित करने का मुद्दा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष उठाएंगे।

यह लिंक राज्य के लोगों की लंबे समय से मांग है, क्योंकि इससे राजपुरा-अंबाला के वर्तमान मार्ग से यात्रा 55 किलोमीटर कम हो जाएगी तथा मोहाली-मोरिंडा मार्ग से भी कम दूरी तय करनी पड़ेगी।

रेल मार्ग का डीपीआर इससे पहले 2016-17 में 312.53 करोड़ रुपये की परियोजना लागत के साथ तैयार की गई थी।

उन्होंने कहा कि लगभग आठ वर्ष बीत चुके हैं और बार-बार याद दिलाने के बावजूद पंजाब सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

रेल संपर्क के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बिट्टू ने कहा कि यह खंड 38.880 किलोमीटर लंबा होगा ।

मंत्री ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पंजाब में 30 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)