देश की खबरें | अरुणाचल प्रदेश विधानसभा और आगामी लोकसभा चुनाव लड़ेंगे: जीएसपी

ईटानगर, 16 सितंबर नवगठित गण सुरक्षा पार्टी (जीएसपी) ने ऐलान किया है कि वह अगले साल अरुणाचल प्रदेश विधानसभा और लोकसभा का चुनाव लड़ेगी।

पार्टी की प्रवक्ता टोको शीतल ने कहा कि जीएसपी ने अरुणाचल पूर्व और अरुणाचल पश्चिम लोकसभा क्षेत्रों के अलावा विधानसभा की 60 में से 35 सीट पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हमें खुद को स्थापित करने में कुछ समय लग सकता है, लेकिन अब हम चुनावी मैदान में उतरने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। यह चुनाव में हमारी शुरुआत का प्रतीक है, हमारी अपेक्षा 32-33 विधानसभा सीट जीतने की है जो हमें सरकार बनाने में सक्षम बनाएगी।’’

शीतल ने कहा कि उनकी पार्टी राज्य में सालों से व्याप्त अराजकता और भ्रष्टाचार से लड़ेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘अब तक जारी भाई-भतीजावाद और भेदभाव की अटूट श्रृंखला अब टूटनी चाहिए। इसके लिए हमें अटूट प्रतिबद्धता के साथ स्पष्ट दृष्टिकोण अपनाना होगा।’’ उन्होंने लोगों से जीएसपी को एक मौका देने की अपील की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)