देश की खबरें | केरल में जंगली हाथी ने महिला पर्यटक को कुचला, मौत

वायनाड (केरल), 24 जनवरी केरल के वायनाड जिले के मेप्पडी स्थित रिजॉर्ट में एक जंगली हाथी ने एक महिला पर्यटक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह स्तब्ध करने वाली घटना शनिवार रात आठ बजे वर्षावन स्थित रिजॉर्ट में हुई।

पुलिस ने बताया कि महिला पर्यटक का नाम शहाना था और वह कन्नूर की रहने वाली थी। वह कॉलेज में प्रवक्ता पद पर तैनात थी।

उन्होंने बताया कि वह परिवार के दो सदस्यों के साथ रिजॉर्ट आई थी और तंबू में रह रही थी।

उन्होंने बताया कि रिजॉर्ट जंगल के पास है जहां पर अक्सर जंगली हाथी आते हैं।

पुलिस ने बताया कि जंगली हाथी की चिंघाड़ने की आवाज सुनकर महिला और दो अन्य लोग तंबू से बाहर आए तभी हाथी ने उनपर हमला कर दिया।

उन्होंने बताया कि दो अन्य लोग सुरक्षित भागने में कामयाब रहे लेकिन महिला की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि महिला को अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

वायनाड की जिलाधिकारी अदीला अब्दुल्ला ने रिजॉर्ट का दौरा किया और तहसीलदार से रिपोर्ट तलब की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)