देश की खबरें | पश्चिम बंगाल: अस्पताल की ओर से एंबुलेंस मुहैया नहीं कराए जाने के बाद रेलवे स्टेशन पर महिला की मौत

वर्धमान (पश्चिम बंगाल), 21 अप्रैल पश्चिम बंगाल के पूर्व वर्धमान जिले में एक अस्पताल से दूसरे बड़े अस्पताल जाने के लिए एंबुलेंस नहीं मिलने के बाद एक महिला की रेलवे स्टेशन पर मौत हो गई।

यह घटना भातार रेलवे स्टेशन पर हुई , जहां 50 वर्षीय मेनका कोड़ा और उनके पति असित इलाज के लिए वर्धमान जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, "मेनका कोड़ा को अपने पति के साथ काचीगोरिया गांव में दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करने के दौरान लू लग गई थी। उनके पति उन्हें भातार अस्पताल ले आए, जहां उन्हें सैलाइन की दो बोतलें चढ़ाई गईं और वर्धमान मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया।"

अधिकारी ने कहा, "हालांकि, अस्पताल के अधिकारियों ने उन्हें एक एंबुलेंस मुहैया नहीं कराई और महिला के पति को किसी निजी वाहन में वर्धमान ले जाने के लिए कहा, जिसके लिए उनके पास पैसे नहीं थे। कोई अन्य विकल्प नहीं होने पर, असित कोड़ा ने उसे ट्रेन से वर्धमान ले जाने का फैसला किया और ई-रिक्शा से रेलवे स्टेशन ले गया। बृहस्पतिवार को ट्रेन का इंतजार करते हुए एक पेड़ के नीचे महिला की मौत हो गई।”

इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल के अधिकारियों पर लापरवाही और उदासीनता का आरोप लगाया। अस्पताल के अधिकारियों ने, हालांकि, दावा किया कि उनकी एंबुलेंस खराब हो गई थी और उसकी मरम्मत की जा रही थी।

स्वास्थ्य विभाग ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)