कोलकाता, 22 मई पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बजबज इलाके में अवैध पटाखा कारखाने में हुए विस्फोट में एक नाबालिग और दो महिलाओं की मौत हो गई और कई लोग झुलस गये।
सभी मृतक एक ही परिवार के थे। राज्य सरकार ने अपराध जांच विभाग (सीआईडी) को इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह घटना दक्षिण 24 परगना थाना क्षेत्र में रविवार शाम करीब साढ़े आठ बजे हुई जिसमें जमुना दास (65), उनकी बेटी पंपा घाटी और उनकी नातिन जयश्री (10) की मौत हो गई।
बीते एक हफ्ते में पश्चिम बंगाल में यह इस तरह की दूसरी बड़ी घटना है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि राज्य सरकार ने घटना की सीआईडी जांच के आदेश दिए हैं।
उन्होंने कहा, "ऐसा लगता है कि घर की छत पर स्थित पूजा घर में शाम के वक्त जो अगरबत्ती जलाई गई थी उसकी आग अवैध रूप से रखे विस्फोटकों में फैल गई और उसी से विस्फोट हुआ।"
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात में कम से कम 30 लोगों को, इलाके में अवैध रूप से पटाखा बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया और छापेमारी के दौरान अलग-अलग घरों से भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त किए।
उन्होंने बताया कि इस घटना में कितने लोग झुलसे हैं, फिलहाल पुलिस के पास इसकी कोई जानकारी नहीं है।
डायमंड हार्बर पुलिस जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने 'पीटीआई-' को बताया, "हादसे में एक नाबालिग और दो महिलाओं को पास के ईएसआई अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके मकान की छत पर एक अवैध पटाखा निर्माण इकाई थी जहां विस्फोट हुआ।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY