देश की खबरें | पश्चिम बंगाल के राज्यपाल मिजोरम पुल हादसे में मृतकों के परिजनों से मिलने के लिए ट्रेन से मालदा रवाना हुए

कोलकाता, 25 अगस्त पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस शुक्रवार सुबह मालदा के लिए रवाना हुए जहां वो मिजोरम में ध्वस्त पुल हादसे में मृतकों के परिजनों से मुलाकात करेंगे।

बोस को सुबह वंदे भारत एक्सप्रेस में सवार होना था लेकिन ट्रेन में कुछ तकनीकी खराबी आने के कारण उसे रद्द कर दिया गया और वह युवा एक्सप्रेस से रवाना हुए।

राज्यपाल कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि मालदा पहुंचने के बाद बोस मिजोरम में पुल हादसे में मृतक श्रमिकों के परिजनों के घर जाएंगे।

युवा एक्सप्रेस की द्वितीय श्रेणी में यात्रा करने के दौरान बोस ने सफर के दौरान कुछ फोन किए और जनता की शिकायतों को संबोधित किया तथा निर्देश जारी किए।

सूत्र ने कहा,''उन्होंने मौजूदा उपद्रव के संबंध में जादवपुर विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति और छात्रों से भी फोन पर बात की।''

मणिपुर में आइजोल के पास बैराबी-सैरंग नई पटरी परियोजना में निर्माणाधीन रेलवे पुल बुधवार को ढह गया था। इसमें अब तक 22 श्रमिकों के शव मिल चुके हैं और तीन घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

इस हादसे में एक श्रमिक अभी भी लापता है जिसे ढूंढने के लिए तलाश अभियान जारी है।

पुलिस ने कहा, सभी श्रमिक पश्चिम बंगाल में मालदा जिले के हैं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुर्घटना में मारे गए लोगों को लेकर हर तरह की सहायता का आश्वासन दिया है और रेलवे से मृतकों के परिजनों को नौकरी देने की मांग की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)